खेलदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नर

भारत की बेटियों का ‘ऑपरेशन सिंदूर’, दीप्ति शर्मा की कातिलाना गेंदबाजी ने तोड़ी पाकिस्तान की कमर

बर्मिंघम, 14 जून। आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप-ए मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 64 रन से हराकर शानदार जीत दर्ज की। महिला टी20 विश्व कप में इस तरह से भारत की बेटियों ने एक और मिशन का सफलता से अंजाम दिया और पाकिस्तान को उसकी औकात दिखा दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 170 रन बनाए थे, जिसके जवाब में पाकिस्तान की पूरी टीम 17 ओवर में 106 रन पर सिमट गई। 171 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत सकारात्मक रही। विकेटकीपर बल्लेबाज मुनीबा अली ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 35 गेंदों में 41 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल थे। उन्होंने गुल फिरोजा (12) के साथ पहले विकेट के लिए 38 रन जोड़कर टीम को मजबूत शुरुआत दिलाई।

दीप्ति शर्मा ने पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेरा
हालांकि, पावरप्ले के बाद भारतीय गेंदबाजों ने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। दीप्ति शर्मा ने अपनी शानदार स्पिन गेंदबाजी से पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 10 रन देकर 5 विकेट झटके और मैच की सबसे सफल गेंदबाज रहीं। दीप्ति ने गुल फिरोजा, आयशा जफर, आलिया रियाज, नशरा संधू और तस्मिया रुबाब को आउट कर पाकिस्तान की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।

स्मृति मंधाना की धांसू बैटिंग, भारत ने बनाए 170 रन
इससे पहले भारत महिला टीम ने पाकिस्तान महिला टीम के खिलाफ पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 170 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। भारतीय बल्लेबाजों ने संयम और आक्रामकता का बेहतरीन मिश्रण दिखाया, जिसमें सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना की शानदार अर्धशतकीय पारी सबसे बड़ी आकर्षण रही। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। शेफाली वर्मा केवल 6 रन बनाकर सदिया इकबाल की गेंद पर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स भी 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं, जिससे भारत का स्कोर 3.2 ओवर में 18 रन पर दो विकेट हो गया।

टी20 वर्ल्ड कप में भारत की पाकिस्तान पर सबसे बड़ी जीत
महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में रनों के लिहाज से यह भारत की पाकिस्तान पर अब तक की सबसे बड़ी और ऐतिहासिक जीत बन गई है। भारत ने पाकिस्तान को 64 रनों के विशाल अंतर से करारी शिकस्त दी। इससे पहले भारत ने श्रीलंका को 2024 में 82 रनों से और बांग्लादेश को 2014 में 79 रनों से हराया था। अब पाकिस्तान के खिलाफ यह 64 रनों की जीत टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत की पांचवीं सबसे बड़ी जीत बन गई है।

दुनिया में सबसे ज्यादा टी20 इंटरनेशनल विकेट लेने वाली गेंदबाज बनीं दीप्ति
इस मैच में 5 विकेट चटकाने के साथ ही दीप्ति शर्मा अब महिला टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट के इतिहास में दुनिया की सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली गेंदबाज बन गई हैं। दीप्ति के नाम अब 166 विकेट दर्ज हो चुके हैं। उन्होंने थाईलैंड की थिपाचा पुत्थावोंग और रवांडा की हेनरीएट इशिमवे को पीछे छोड़ते हुए वर्ल्ड क्रिकेट में नंबर वन का ताज अपने नाम कर लिया है।

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत की सातवीं जीत
आईसीसी महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी एक प्रतिद्वंद्वी के खिलाफ सबसे ज्यादा मैच जीतने के मामले में भारत अब तीसरे स्थान पर आ गया है। भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ खेले गए कुल 9 वर्ल्ड कप मैचों में से यह अपनी 7वीं जीत दर्ज की है। इस सूची में ऑस्ट्रेलिया की टीम सबसे आगे है, जिसने साउथ अफ्रीका को कुल 9 वर्ल्ड कप मुकाबलों में से 8 बार मात दी है।

बर्मिंघम में बना दर्शकों का ऐतिहासिक वर्ल्ड रिकॉर्ड
क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की जंग का रोमांच दर्शकों के सिर चढ़कर बोला। बर्मिंघम के मैदान पर रविवार को इस मैच को देखने के लिए कुल 18,814 दर्शक स्टेडियम पहुंचे। यह महिला टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में किसी भी ग्रुप स्टेज मैच में दर्ज की गई अब तक की सबसे बड़ी लाइव दर्शक संख्या है। इससे पहले यह रिकॉर्ड दुबई में 2024 के भारत-पाक मैच के नाम दर्ज था। उस मैच में 15,935 दर्शक मैदान में पहुंचे थे।

Related Articles

Back to top button