ग्वील तल्ला गांव में गुलदार का आतंक, दो महिलाओं को किया घायल

कोटद्वार। ग्वील तल्ला गांव में गुलदार ने सुबह 11 बजे के लगभग गांव के अंदर पहुंचकर दो महिलाओं को अधमरा कर दिया। ग्रामीणों ने किसी तरह शोरगुल मचाकर महिलाओं को आतंकी गुलदार के चंगुल से छुड़ाया। दोनों को इलाज के लिए वीरोंखाल भेजा गया है।
गुलदार के गांव में घुसते ही मची अफरी-तफरी
बीरोंखाल क्षेत्र के अंतर्गत ग्वील तल्ला के गांव के भीतर घुसे गुलदार ने दो बुजुर्ग महिलाओं पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों महिलाओं को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वीरोंखाल भर्ती कराया गया है।
आज सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे एक गुलदार वीरोंखाल प्रखंड के अंतर्गत ग्राम ग्वील तल्ला गांव में घुस गया। गुलदार के गांव में घुसते ही लोगों की सिट्टी-पिट्टी गुम हो गयी, गांव में हड़कंप मच गया। गुलदार से बचने के लिए गांव वाले अपने-अपने घरों में दुबक गये।
तभी गुलदार ने घर की ओर लौट रही जतुली देवी पत्नी गोपाल सिंह और श्याम देवी पत्नी रुद्र सिंह पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने शोर मचाकर किसी तरह दोनों महिलाओं को गुलदार के चंगुल से बचाया।
गांव के पास ही छिप कर बैठा है गुलदार
घटना के बाद भी गुलदार गांव के नजदीक ही छिप कर कहां बैठ गया है। गुलदार के हमले में गंभीर रूप से घायल दोनों महिलाओं को उपचार के लिए वीरोंखाल स्वास्थ्य केंद्र भर्ती कराया गया है।