बहू को बचाने के लिए गुलदार से भिड़ गयी सास, घसीटकर ले गया पर हार नहीं मानी, दराती से करती रही वार

रुद्रप्रयाग। बहू को बचाने के लिए सास जानकी गुलदार से भिड़ गयी। गुलदार जानकी को घसीटता रहा और वो दराती से उसका सामना करती रही। गुरुवार को रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि के फलई गांव में जानकी देवी अपनी पुत्रवधु पूनम के साथ घास काट रहीं थी, तभी झाड़ियों में छिपे गुलदार ने पूनम देवी पर हमला कर दिया। दोनों चिल्लाए तो गुलदार पूनम को छोड़कर सास जानकी देवी पर झपट पड़ा और उसे घसीटते हुए ले जाने लगा।
पथरीले रास्ते पर घसीटते हुए ले गया गुलदार
जानकारी के अनुसार जानकी देवी 62 साल धर्म पत्नी संते सिंह राणा अपनी बहू पूनम 32 साल पत्नी केशर सिंह राणा के साथ गांव से सटे जंगल में घास काटने गयी थी। तभी गुलदार जानकारी की बहू पूनम पर झपट पड़ा। दोनों के एक साथ चिल्लाने पर गुलदार ने पूनम को छोड़कर जानकारी को घसीट लिया। जानकी ने हार नहीं मानी और गुलदार से दराती से वार करती रही। काफी देर तक दोनों में संघर्ष चलता रहा। आखिरकार गुलदार लहूलुहान होकर जंगल की ओर भाग गया। शोर सुनकर गांव के लोग भी इकट्ठा हो गये। बुजुर्ग महिला के सिर और शरीर के कई हिस्सों पर गहरे जख्म हैं। सीएचसी अगस्त्यमुनि में प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जबकि बहू पूनम भी घायल है, पर उसकी हालत में सुधार है।
सिर में आई ज्यादा चोट
इलाज कर रहे सर्जन वैभव कुमार ने बताया कि महिला खतरे से बाहर है, लेकिन सिर पर काफी गंभीर चोट लगी है। सिर के सीटी स्कैन के लिए उन्हें हायर सेंटर रैफर कर दिया गया है। जानकी देवी के सिर पर कई टांके लगाए गए। उनके चेहरे, पीठ और पैरों पर भी गहरे जख्म हैं। वहीं, पूनम देवी की हालत में सुधार है। वह, गुलदार के भय से काफी डरी-सहमी हैं। वन विभाग की टीम भी सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंच गयी है। रुद्रप्रयाग के डीएफओ अभिमन्यु ने बताया कि गुलदार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों ने जानकारी देवी को पुरस्कार के साथ ही उपचार के लिए धनराशि देने की मांग की है। https://sarthakpahal.com/