लखनऊ में तिरंगा यात्रा को लेकर दो गुटों में बवाल, पथराव-हंगामा, पुलिस बल तैनात

लखनऊ। लखनऊ में तिरंगा यात्रा को लेकर दो गुटों में बवाल, पथराव के बाद भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर दिया है। स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह के समय दो गुटों में बवाल हुआ था, जिसके बाद कुछ लोगों ने बाजार में आकर पत्थरबाजी कर दी। दोनों गुटों के लोगों के हाथों में पत्थर थे। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।
घटना लखनऊ में आशियाना के बंगला बाजार की है, जहां स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चंद्रिका देवी मंदिर के सामने युवा बाइक से तिरंगा यात्रा निकाल रहे थे। यात्रा के दौरान बाइक सवार युवक किसी बात को लेकर आपस में भिड़ गये। स्थानीय लोगों के अनुसार आशियाना में वर्चस्व की लड़ाई को लेकर पहले से ही दो गुटों के बीच विवाद चल रहा है।
वर्चस्व को लेकर होता रहा है दो गुटों में संघर्ष
आशियाना थाने के एसएचओ ने बताया कि बाइक पर निकल रही तिरंगा यात्रा के दौरान आपस में भिड़े दो गुटों के कारण एक युवक घायल है। यात्रा में शामिल एक गुट तेलीबाग का था, तो वहीं दूसरा गुट बंगाल बाजार इलाके का था। इस मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गयी थी, अब हालात काबू में हैं। मामले की जांच चल रही है।
एक अन्य व्यक्ति ने बताया कि कुछ लोगों ने अचानक यहां पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसके बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। अभी भी माहौल तनावपूर्ण है। क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है।