उत्तरप्रदेशउत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरयूथ कार्नरस्वास्थ्य

गर्लफ्रेंड को बचाने के चक्कर में खुद गंगा में ओझल हो गया युवक, नहीं लगा कोई सुराग

ऋषिकेश। ऋषिकेश में गंगा में डूब रही गर्लफ्रेंड को बचाने के चक्कर में लखनऊ का एक युवक गंगा की तेज धारा में बहता चला गया। जल पुलिस ने युवक की गर्लफ्रेंड को तो बचाकर गंगा से बाहर निकाल लिया, लेकिन देर शाम तक भी बेचारे युवक का कुछ पता नहीं चल पाया। जानकारी के अनुसार युवक तपोवन के एक होटल में काम करता है और एक अच्छा तैराक भी है।

पुलिस ने चलाया सर्च अभियान
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सजवाण ने बताया कि मंगलवार दोपहर मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के पांडव पत्थर के पास एक युवक के गंगा में बहने की जैसे ही सूचना मिली तुरंत एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तुरंत सर्च अभियान शुरू किया। बताया कि उत्तर प्रदेश के हजरतगंज थाना क्षेत्र के त्रिवेणी नगर निवासी महेश त्रिपाठी (28) पुत्र ओमप्रकाश त्रिपाठी और रॉयल कॉशल के कृष्णा नगर निवासी भूमिका जोतवानी (26) पुत्री नरेश जोतवानी पांडव पत्थर के पास स्नान कर रहे थे।

अचानक पानी का जलस्तर बढ़ने से डूबे दोनों
जलस्तर कम होने पर दोनों चलते हुए गंगा के बीच बने एक टापू तक पहुंच गए। दोपहर करीब दो बजे पानी का जलस्तर बढ़ने लगा। इस बीच दोनों टापू से वापस किनारे की ओर लौटने लगे। भूमिका जोतवानी ने अपना बैग, लैपटॉप आदि हाथ में पकड़ा हुआ था। अचानक उसका पैर फिसला और वह गंगा में बहने लगी। महेश उसको बचाने के लिए गहरे पानी में कूद गया, लेकिन तैरते-तैरते वह थक गया और गंगा में बहने लगा। इस बीच चीख पुकार सुनकर जल पुलिस के जवान सुभाष ध्यानी, रवि राणा, पुष्कर रावत, महेंद्र चौधरी और विदेश राणा ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। एक राफ्ट चालक की मदद से जल पुलिस ने भूमिका को रेस्क्यू कर लिया, लेकिन महेश गंगा की तेज धारा में ओझल हो गया। एसडीआरफ निरीक्षक ने बताया कि युवक की खोजबीन की जा रही है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है। https://sarthakpahal.com/

Related Articles

Back to top button