गढ़वाल राइफल्स के जवान 26 वर्षीय लोकेंद्र की हार्ट अटैक से मौत, एक महीने पहले हुई थी शादी

कोटद्वार, 21 जुलाई। गढ़वाल राइफल्स में तैनात 26 वर्षीय फौजी लोकेंद्र की हार्ट अटैक से मौत हो गई। फौजी की एक महीने पहले ही शादी हुई थी। जिस घर में अभी-अभी खुशियां का माहौल था, वहां सन्नाटा पसर गया। लोकेंद्र प्रताप, पुत्र भगत सिंह, गांव कटाखोली (पोस्ट नवाखाल), श्रीनगर पौड़ी निवाली आठ साल पहले ही सेना में भर्ती हुए थे।
लोकेंद्र हाल ही में गब्बर सिंह कैंप कौड़िया में ट्रेनिंग पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि रात 11:30 बजे तक उन्होंने परिजनों से बातचीत की थी। उसके बाद वे सो गए। अगली सुबह 4:30 बजे तक लोकेंद्र उठे नहीं। जब साथी उठाने पहुंचे तो वे अचेत अवस्था में पाए गए।
एक महीने पहले 8 जून को हुई थी शादी
डॉक्टरों ने हार्ट अटैक मौत का कारण बताया है। लोकेंद्र की शादी को अभी एक महीने भी नहीं बीता था कि अचानक हार्ट अटैक से उनकी मौत हो गयी। 8 जून को ही उनकी शादी हुई थी, परिवार में खुशी का माहौल था। अब वही घर मातम में डूब गया है।
शोक में परिजन
लोकेंद्र की मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम छा गया। जिस घर में कुछ दिन पहले तक शादी की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब रोने की आवाजें सुनाई दे रही हैं। परिजनों के अनुसार, लोकेंद्र मिलनसार और जिम्मेदार युवक था, और उसका सपना देशसेवा करना था।
सेना और प्रशासन की ओर से श्रद्धांजलि
सेना की ओर से लोकेंद्रप्रताप को पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने भी गहरा दुख प्रकट किया है।