खेलदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षा

वैभव की आतिशबाजी से सकपकाये अंग्रेज, टूटे कई रिकार्ड, U-19 फाइनल में अंग्रेजों को सिखाया क्रिकेट

Listen to this article

स्पोर्ट्स डेस्क। 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने U19 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ 175 रन की ऐतिहासिक पारी खेलकर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी. उनकी तूफानी बल्लेबाजी से भारत ने 411/9 का विशाल स्कोर खड़ा किया, जो U19 वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास का सबसे बड़ा टोटल रहा, जवाब में इंग्लैंड की टीम 311 रनों पर स‍िमट गई, इस तरह भारतीय टीम ने 100 रनों से मुकाबला जीतकर छठी बार अंडर 19 वर्ल्ड कप जीता.

हरारे में खेले गए अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में भारत ने इंग्लैंड को 100 रनों से हराकर छठी बार यह खिताब जीता. इस मुकाबले में वैभव सूर्यवंशी ने 175 रनों की पारी खेलकर जता दिया कि वह बड़े मैचों के हीरों हैं. 14 साल के वैभव ने जिस तरह बल्लेबाजी की, उससे एक चीज तो हो गई है कि उनको अब सीन‍ियर टीम इंड‍िया में भी मौका मिलना चाहिए. क्योंकि उनकी शुक्रवार को आई पारी ने जता दिया कि वो अलग स्क्ल‍िसेट के बल्लेबाज हैं.

प्लेयर ऑफ द मैच 14 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार को ऐसा तूफान मचाया, जिसे आने वाले वर्षों तक याद रखा जाएगा. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 80 गेंदों पर 175 रन की विस्फोटक पारी खेलकर न सिर्फ भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचाया, बल्कि रिकॉर्ड बुक को भी पूरी तरह हिला दिया. साथ ही अंग्रेज टीम को भी बैट‍िंंग की सीख दे दी.

150+ स्कोर करने वाले पहले खिलाड़ी बने
यह पारी U19 वर्ल्ड कप नॉकआउट मुकाबलों में किसी भी खिलाड़ी का पहला 150+ स्कोर है. इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के निकोलस पूरन के नाम था, जिन्होंने 2014 के क्वार्टर-फाइनल में 143 रन बनाए थे. फाइनल में इससे पहले सबसे बड़ा स्कोर उन्मुक्त चंद का 111* (2012) था, जिसे सूर्यवंशी ने बहुत पीछे छोड़ दिया.

अंबाती रायडू के बाद यूथ वनडे में दूसरे खिलाड़ी बने
175 रन की यह पारी भारत के लिए यूथ वनडे इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी पारी है. उनसे आगे सिर्फ अंबत‍ी रायडू हैं, जिन्होंने 2002 में इंग्लैंड U19 के खिलाफ 177* बनाए थे. दिलचस्प बात यह है कि सूर्यवंशी पहले ही दिसंबर में UAE U19 के खिलाफ 171 रन की पारी खेल चुके हैं, जो अब इस सूची में तीसरे नंबर पर है.

सबसे छोटी उम्र में शतक ठोकने वाले पहले बल्लेबाज


14 साल 316 दिन की उम्र में शतक लगाकर वैभव सूर्यवंशी U19 वर्ल्ड कप में सबसे कम उम्र में सेंचुरी लगाने वाले बल्लेबाज बन गए. इससे पहले यह रिकॉर्ड बाबर आजम के नाम था, जिन्होंने 2010 में 15 साल 92 दिन की उम्र में शतक जड़ा था. यूथ वनडे में 15 साल से पहले शतक लगाने वालों में सूर्यवंशी (4) और बांग्लादेश के नजमुल हुसैन शांतो (1) ही शामिल हैं.

सिर्फ 55 गेंदों में शतक पूरा कर सूर्यवंशी ने U19 वर्ल्ड कप इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक जड़ा. उनसे तेज शतक सिर्फ ऑस्ट्रेलिया के विल मलायचुक (51 गेंद) ने इसी टूर्नामेंट में लगाया है. वहीं 71 गेंदों में 150 रन पूरे कर उन्होंने इस स्तर पर सबसे तेज 150 का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.

यूथ वनडे के इतिहास में एक पारी में 15 छक्के मारने वाले पहले खिलाड़ी हुए वैभव
175 रन की इस पारी में सूर्यवंशी का स्ट्राइक रेट 218.75 रहा, जो U19 वर्ल्ड कप में कम से कम 50 गेंद खेलने वाली किसी भी पारी का सबसे ऊंचा स्ट्राइक रेट है. उन्होंने इस मैच में 15 छक्के लगाए, जो यूथ वनडे इतिहास में किसी एक पारी में सबसे ज्यादा हैं.

पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 30 छक्के सूर्यवंशी के नाम हुए
पूरे टूर्नामेंट में सूर्यवंशी ने 30 छक्के जड़े, जो U19 वर्ल्ड कप इतिहास में किसी भी खिलाड़ी द्वारा सबसे ज्यादा हैं. इसके अलावा उन्होंने 25 यूथ वनडे पारियों में कुल 110 छक्के लगाए हैं, जो दूसरे नंबर पर मौजूद खिलाड़ी से दोगुना है. इस वर्ल्ड कप में सूर्यवंशी ने चार 50+ स्कोर किए और खास बात यह रही कि चारों पारियां 100 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से आईं, ऐसा करने वाले वह पहले खिलाड़ी बने. टूर्नामेंट में उनके कुल 439 रन हैं, जो एक संस्करण में पांचवां सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर है.

सूर्यवंशी की इस ऐतिहासिक पारी के दम पर भारत ने 50 ओवर में 411/9 रन बनाए. यह U19 वर्ल्ड कप नॉकआउट इतिहास में पहला 350+ स्कोर है. इससे पहले भारत का ही 349/6 (2016 क्वार्टर-फाइनल बनाम नामीबिया) सर्वश्रेष्ठ स्कोर था. फाइनल में इससे पहले सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया का 253/7 (2024) था.

कुल मिलाकर यह भारत का U19 वर्ल्ड कप इतिहास में तीसरा 400+ स्कोर है और किसी भी दूसरी टीम के पास ऐसा सिर्फ एक बार ही हुआ है. हरारे की इस पिच पर खेला गया यह फाइनल वैभव सूर्यवंशी के नाम हमेशा के लिए दर्ज हो गया. वहीं उन्होंने सीनीयर टीम में भी दावेदारी ठोक दी है.

पीएम मोदी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दी बधाई
पीएम नरेंद्र मोदी ने इस जीत पर टीम इंडिया को बधाई दी है. एक्स पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा, ‘भारत का क्रिकेट टैलेंट चमका! हमारी U-19 टीम पर गर्व है जो वर्ल्ड कप घर लाई. टीम ने पूरे टूर्नामेंट में बहुत अच्छा खेला, शानदार प्रदर्शन किया. यह जीत कई युवा खिलाड़ियों को भी प्रेरित करेगी. खिलाड़ियों को भविष्य के लिए शुभकामनाएं.’

वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी टीम को बधाई दी है. राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘हमारी अंडर-19 पुरुष टीम को शानदार विश्व कप जीत पर हार्दिक बधाई! आपका धैर्य, निडरता और दृढ़ संकल्प आज की भारत की Gen Z पीढ़ी की पहचान है. यह छठा अंडर-19 विश्व कप खिताब भारतीय क्रिकेट के उज्ज्वल भविष्य का गर्वपूर्ण संकेत है.शानदार प्रदर्शन, चैंपियंस!’

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button