टी20 वर्ल्ड कप में भारत, पाकिस्तान और वेस्टइंडीज की जीत के साथ शुरुआत

स्पोर्ट्स डेस्क। टी20 वर्ल्ड कप 2026 के पहले दिन यानी की 7 फरवरी को तीन मैच खेले गए. जिसमें पाकिस्तान ने नीदरलैंड्स को मात दी, जबकि वेस्टइंडीज ने स्कॉटलैंड को हराने में सफल रहा और भारत ने यूएसए को मात देकर टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत की है. आइए इन तीनों मैचों पर एक नजर डालते हैं.
पहले मैच मे पाकिस्तान हारते हारते बचा
टूर्नामेंट का पहला मैच श्रीलंका के कोलंबो में ग्रुप ए के पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच सुबह 11 बजे खेला गया. जिसमें पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और नीदरलैंड्स ने 19.5 ओवर में 147 रनों पर ऑलआउट हो गई. जिसमें सलमान मिर्जा सबसे सफल गेंदबाज रहे और 3.5 ओवर में 24 देकर 3 विकेट लिए.
148 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की टीम एक समय हार के कगार पर पहुंच गई थी जब उसको आखिरी दो ओवरों में 29 रनों की जरूरत थी और उसके पास केवल दो विकेट शेष थे. तभी आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए फहीम अशरफ ने 19वें ओवर में लोगन वैन बीक को 3 छक्का और 1 चौके के साथ 24 रन जड़ दिए और हारा हुआ मैच पाकिस्तान की झोली में डाल दिया.
फहीम अशरफ ने 11 गेंदों में 29 रनों की पारी खेली. जिसकी वजह से पाकिस्तान ने 3 गेंद शेष रहते हुए 148 रन का लक्ष्य 8 विकेट खोकर हासिल कर लिया. फहीम को उनकी शानदार बल्लेबाजी की वजह से प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया.
वेस्टइंडीज ने स्कॉलैंड को आसानी से दी मात
टूर्नामेंट का दूसरा मैच ग्रुप सी के वेस्टइंडीज और स्कॉटलैंड के बीच कोलकाता के ईडन गार्डन्स में खेला गया. ये मैच दोपहर तीन बजे से शुरू हुआ. जिसमें दो बार की चैंपियन वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश की जगह टूर्नामेंट में आई स्कॉटलैंड को 35 रन से हरा दिया. वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शिमरोन हेटमायर के 64 रन की शानदार पारी 182/5 का स्कोर खड़ा किया और फिर तेज गेंदबाज रोमारियो शेफर्ड ने 17वें ओवर की पांच गेंदों में चार विकेट लेकर मैच अपने नाम कर लिया. जिसमें एक हैट्रिक भी शामिल है.
शेफर्ड ने अपने 3 ओवर के स्पेल में 20 रन देकर पांच विकेट झटके. इससे शेफर्ड मौजूदा टूर्नामेंट में हैट्रिक लेने वाले पहले और टूर्नामेंट के इतिहास में कुल मिलाकर दसवें गेंदबाज बन गए. 183 रनो के लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्कॉटलैंड की टीम 13.1 ओवर में 115/3 पर पहुंचकर अच्छा खेल रही थी, लेकिन जब उनका चौथा विकेट गिरा तो फिर विकेट गिरने की लाइन लग गई और पूरी टीम 18.5 ओवर में 147 पर ढेर हो गई. हेटमायर को शानदार पारी की वजह से प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड मिला.
भारत ने USA को 29 रन से हराया
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की पहले दिन का तीसरा और अंतिम मैच भारत और यूएसए के बीच मुंबई के वानखेड़े में खेला गया. ये मैच शाम सात बजे से शुरू हुआ. भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और पूरे 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 161 रन बनाने में सफल रही. जिसमें कप्तान सूर्यकुमार यादव के सबसे ज्यादा नाबाद 49 गेंद में 84 रन शामिल थे. अमेरिका के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की. खास तौर पर शैडली वान शल्कविक ने, उन्होंने 4 ओवर में 25 रन देकर 4 विकेट लिए.
लेकिन अमेरिका के बल्लेबाजों ने वैसा खेल नहीं दिखा पाए जैसा गेंदबाजों ने दिखाया. 162 रनों के जवाब में उनके बल्लेबाज 132 रन ही बना पाए, जिससे उनको 29 रन से हार का सामना करना पड़ा. भारत की तरफ से अर्शदीप ने दो, सिराज ने 3 और अक्षर ने 2 विकेट लिए. भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव को मैच का हीरो करार दिया गया.
टूर्नामेंट के दूसरे दिन आज 8 फरवरी को भी तीन मैच खेले जाएंगे, जिसमें न्यूजीलैंड बनाम अफगानिस्तान, इंग्लैंड बनाम नेपाल और श्रीलंका बनाम आयरलैंड के मैच शामिल हैं.



