
देहरादून, 10 फरवरी। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के कारगी कूड़ा डंपिंग जोन को लेकर मंगलवार को महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने नगर निगम परिसर में कूड़ा लेकर जमकर प्रदर्शन किया. प्रदर्शनकारी महिलाओं ने कहा डंपिंग यार्ड को स्थानीय क्षेत्र वासियों के लिए प्रदूषण और बीमारियों का खतरा उत्पन्न हो रहा है.
चार महीने पहले भी डीएम को सौंप चुकी हैं ज्ञापन
महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा डंपिंग जोन से निरंतर फैल रही दुर्गंध, प्रदूषण और बीमारियों के खतरों को लेकर पहले भी महिला कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने स्थानीय क्षेत्र वासियों के साथ मिलकर लगभग चार माह पूर्व जिलाधिकारी और नगर निगम को ज्ञापन सौंपा था. जिसमें उन्हें बताया गया था कि कूड़ा डंपिंग जोन की वजह से फैल रहे प्रदूषण और दुर्गंध से आसपास की रिहायशी कॉलोनियों में रह रहे स्थानीय निवासियों का जीना दूभर हो गया है. वहां फैले कूड़े के कारण क्षेत्र वासियों को स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
उन्होंने कहा नगर निगम ने डंपिंग जोन के नाम पर वहां कूड़े का पहाड़ बना दिया गया है। उसी को हटाने के लिए क्षेत्रवासियों की तरफ से लगातार मांग की जा रही है. अब तक ना तो प्रशासनिक स्तर पर और नगर निगम की तरफ से कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं. क्षेत्र वासियों की तरफ से लगातार यह शिकायत आ रही है कि वहां लगातार कूड़े का ढेर बढ़ता जा रहा है, लेकिन कूड़े का प्रोसेस नहीं हो पा रहा है.
स्वच्छ देहरादून, स्वस्थ देहरादून का नारा बेमानी
उन्होंने कहा बीते रोज महिला कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कारगी स्थित डंपिंग जोन पर जाकर पांच बड़ी पॉलीथिन में कूड़ा भरा. विरोध स्वरूप नगर निगम लाकर आज सांकेतिक प्रदर्शन करना पड़ा. कांग्रेस का कहना है कि जन स्वास्थ्य व स्वच्छ पर्यावरण की मांग को लेकर उन्होंने आज नगर निगम कार्यालय का घेराव करने के लिए मजबूर होना पड़ा है. कांग्रेस का यह भी कहना है कि स्वच्छता का दावा करने वाली भाजपा सरकार के अधीन नगर निगम भी आता है. कारगी में इसको लेकर स्वच्छ देहरादून स्वस्थ देहरादून का नारा भी बोर्ड पर लिखा हुआ है. वहीं पर कूड़ा देखने को मिल रहा है. यही हाल राजधानी देहरादून के अनेक स्थानों का है, जहां जगह-जगह कूड़ा कचरा बिखरा पड़ा है.



