
केएस रावत। नीलकंठ महादेव तीर्थयात्रियों के लिए आवास विकास विभाग अत्याधुनिक पार्किंग बनाएगा। इनमें तीन सौ गाड़ियां चार पहिया व दो सौ गाड़ियां दो पहिया पार्क हो सकेंगी। इसके अलावा बीमार श्रद्धालुओं के लिए दो बेड का अस्पताल भी बनाया जाएगा। यह एक बहुमंजिला इमारत होगी, जिसमें भूतल के अलावा तीन और फ्लोर होंगे। सिर्फ पार्किंग ही नहीं, बल्कि इस परिसर को एक सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया जायेगा।
आवास सचिव डॉ आर राजेश कुमार ने नीलकंठ में बन रही बहुमंजिला पार्किंग की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की। सचिव ने बताया कि क्षेत्र में लगातार बढ़ती गाड़ियों की संख्या और तीर्थयात्रियों की भीड़ को देखते हुए इस परियोजना को स्वीकृति की प्रक्रिया में आगे बढ़ाया गया है। इससे न केवल यातायात दबाव कम होगा, वरन यात्रा सीजन के दौरान अव्यवस्था और जाम की समस्या से भी राहत मिलेगी।
सावन और शिवरात्रि पर लगने वाले भीषण जाम से मिलेगी मुक्ति
पार्किंग भवन में भूतल (स्टिल्ट) सहित कुल चार स्तर होंगे, जिनमें तीन फ्लोर ऊपर निर्मित किए जाएंगे। इसके साथ ही सरकारी अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए प्रतीक्षालय और विश्राम कक्ष की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। पार्किंग के अलावा इसमें ड्यूटी में तैनात कर्मचारियों के लिए प्रतीक्षालय और विश्राम कक्ष की भी सुविधा होगी। भीड़ के समय भी वाहनों की आवाजाही सुगम रहे, इसके लिए इसे आधुनिक ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम के साथ बनाया जायेगा। इस पार्किंग के बनने से सावन और महाशिवरात्रि के अवसर पर नीलकंठ मार्ग पर लगने वाले भीषण जाम से मुक्ति मिलेगी और श्रद्धालुओं को अपनी गाड़ियां सुरिक्षत खड़ी करने के लिए जगह मिलेगी।
आवास सचिव ने कहा कि अंतिम प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। बैठक में संयुक्त सचिव आवास धीरेन्द्र कुमार सिंह,, अपर आयुक्त हुडा डीपी सिंह, बीरेन्द्र प्रसाद भट्ट, प्रोजेक्ट मैनेजर समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।



