
नई टिहरी, 6 मार्च। टिहरी झील महोत्सव के तहत जिला मुख्यालय नई टिहरी के बौराड़ी स्टेडियम में जनरल केएम करिअप्पा फुटबाल टूर्नामेंट शुरू हो गया। उद्घाटन मैच 14 गढ़वाल राइफल और दूसरा मैच गढ़वाल हिरोज दिल्ली की टीम जीत कर अगले चक्र में प्रवेश किया। इस टूर्नामेंट का नाम भारत के पहले फील्ड मार्शल केएम करिअप्पा के सम्मान में रखा गया है, क्योंकि वे केवल एक सैन्य अधिकारी ही नहीं थे, बल्कि खेलों के भी बड़े प्रशंसक थे। वे आल इंडिया काउंसिल आफ स्पोर्ट्स के अध्यक्ष भी रहे थे।
देशभर की कुल 16 टीमें ले रही हैं हिस्सा
टिहरी झील महोत्सव के एक प्रमुख हिस्से के रूप में आयोजित हो रहे इस राज्य स्तरीय जनरल केएम करिअप्पा फुटबाल टूर्नामेंट में देशभ की कुल 16 टीमें हिस्सा ले रही हैं। शुक्रवार को बौराड़ी स्टेडियम में फुटबाल टूर्नामेंट का विधायक किशोर उपाध्याय, पालिकाध्यक्ष मोहन सिंह रावत और भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत ने शुभारंभ किया। आयोजक समिति के प्रवक्ता अशद आलम ने बताया कि टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 14 गढ़वाल राइफल और दून सिटी फुटबाल क्लब की बीच खेला गया। रोमांचक मैच के दौरान दोनों टीमों ने बेहतर खेल दिखाया। पेनाल्टी शूट आउट में गढ़वाल राइफल 5-3 से जीती।
दूसरा मैच यंग स्टार टिहरी और गढ़वाल हिरोज दिल्ली के बीच खेला गया। गढ़वाल हिरोज की टीम ने 6-0 से एकतरफा जीत हासिल की। विधायक और पालिकाध्यक्ष ने कहा कि केएम करिअप्पा फुटबाल टूर्नामेंट पुरानी टिहरी में शुरू हुआ था, जिसके बाद टूर्नामेंट से जुड़े लोगों ने टूर्नामेंट आगे बढ़ाने का काम किया। टूर्नामेंट में 16 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इस मौके पर चंबा पालिकाध्यक्ष शोभनी धनोला, मानवेंद्र रावत, डॉ. प्रीति पोखरियाल, उर्मिला राणा, सीमा नेगी, नवीन सेमवाल, विनीत उनियाल, अबरार अहमद, हनुमंत महर, मनोज नेगी, देवेंद्र राणा, शिव सिंह सजवाण, भगत चौहान, राकेश भंडारी, नीलकंठ डिमरी, दौलत रावत, देवेंद्र नेगी, अरविंद राणा, सूरी राणा देवेंद्र वर्मा, आशीष तोपवाल मौजूद रहे।



