24-27 अप्रैल के बीच आएगा UK बोर्ड का परीक्षाफल, इस बार छात्र स्कूल में ही देख सकेंगे अपना रिजल्ट

रामनगर, 17 अप्रैल। उत्तराखंड के लाखों छात्र-छात्राओं के लिए बड़ी खबर है. जल्द ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी होने वाला है. उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने संकेत दिये हैं कि अप्रैल के आखिरी हफ्ते से पहले ही नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे. उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद के सचिव विनोद कुमार सिमल्टी के मुताबिक, बोर्ड परीक्षा का रिजल्ट 24 से 27 अप्रैल के बीच जारी होने की पूरी संभावना है. यानी छात्रों का लंबा इंतजार अब कुछ ही दिनों में खत्म होने वाला है.
डाटा पंचिंग और उसकी गहन जांच का काम अंतिम चरण
इस साल परीक्षा प्रक्रिया में कई बदलाव देखने को मिले. पहली बार आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से कराई गई. आंकड़ों की बात करें तो हाईस्कूल में 1 लाख 12 हजार 266 और इंटरमीडिएट में 1 लाख 2 हजार 986 छात्र-छात्राएं शामिल हुई. इस तरह कुल 2 लाख 15 हजार 252 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी. परीक्षाओं का शेड्यूल भी इस बार तय समय के अनुसार पूरा हुआ. प्रयोगात्मक परीक्षाएं 16 जनवरी से 15 फरवरी के बीच कराई गईं. लिखित परीक्षाएं फरवरी के तीसरे सप्ताह से शुरू होकर 20 मार्च तक चलीं. सभी परीक्षाएं एकल पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक आयोजित की गईं.
10 अप्रैल को खत्म हो चुका है मूल्यांकन कार्य
परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेशभर में 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे. जिनमें 50 एकल केंद्र और 1,211 मिश्रित केंद्र शामिल थे. वहीं 156 केंद्र संवेदनशील और 6 अति संवेदनशील श्रेणी में रखे गए. टिहरी गढ़वाल में सबसे ज्यादा 136 केंद्र बनाए गए. चंपावत में सबसे कम 44 केंद्र रहे.
बोर्ड मुख्यालय तक पहुंची सभी कापियां
बोर्ड सचिव के अनुसार, 10 अप्रैल तक मूल्यांकन कार्य पूरी तरह समाप्त हो चुका है. अब सभी कॉपियां मुख्यालय तक पहुंच चुकी हैं. फिलहाल परिषद मुख्यालय में डाटा पंचिंग और उसकी गहन जांच का काम अंतिम चरण में है. इसके बाद परिणाम समिति की बैठक होगी. जिसमें रिजल्ट जारी करने की अंतिम तारीख तय की जाएगी.
इस बार छात्र अपने स्कूल में ही आसानी से देख सकेंगे परिणाम
इस बार छात्रों की सुविधा के लिए एक नई व्यवस्था भी लागू की जा रही है. सभी स्कूलों को अलग पोर्टल और पासवर्ड दिए जाएंगे. जिससे छात्र अपने स्कूल में ही आसानी से रिजल्ट देख सकेंगे. साथ ही बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर भी नतीजे उपलब्ध रहेंगे, कुल मिलाकर, उत्तराखंड बोर्ड 2026 का रिजल्ट अब बस कुछ ही दिनों की दूरी पर है. ऐसे में छात्रों और अभिभावकों की नजरें अब परिषद की आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं.



