उत्तराखंडदेश-विदेशयूथ कार्नरसामाजिक

भतीजी की शादी में पौड़ी के गंवाणा गांव पहुंचे CDS अनिल चौहान का फूल-मालाओं से स्वागत

पौड़ी, 17 अप्रैल। देश के चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान का शुक्रवार को श्रीनगर गढ़वाल दौरा भावनाओं, गौरव और उत्साह से भरपूर रहा. चौरास स्थित हेलीपैड पर पहुंचने पर स्थानीय प्रशासन और सेना के अधिकारियों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.

पैतृक गांव गंवाणा में हुआ फूल-मालाओं के साथ भव्य स्वागत
इसके बाद वे अपने पैतृक गांव गवाणा के लिए रवाना हुए. गांव पहुंचते ही जनरल चौहान का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और पारंपरिक अंदाज में भव्य स्वागत किया. पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और लोग अपने गौरवशाली बेटे की एक झलक पाने को उत्साहित नजर आए.

सीडीएस ने भी जाना ग्रामवासियों का हालचाल
इस दौरान जनरल चौहान ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद करते हुए उनका हालचाल जाना. ग्रामीणों ने देश की सेवा में उनके योगदान पर गर्व जताया. वहीं उन्होंने भी सभी का आभार व्यक्त करते हुए गांव और क्षेत्र के प्रति अपने गहरे जुड़ाव को साझा किया. उन्होंने क्षेत्र के विकास और बेहतरी के लिए अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई.

राजराजेश्वरी मंदिर प्रसिद्ध सिद्धपीठ में की पूजा-अर्चना


गवाणा पहुंचने से पहले सीडीएस अनिल चौहान ने देवलगढ़ स्थित प्रसिद्ध सिद्धपीठ राजराजेश्वरी मंदिर देवलगढ़ में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि व देश की सुरक्षा के लिए प्रार्थना की. मंदिर परिसर में उनके आगमन को लेकर लोगों में खासा उत्साह रहा.

भतीजी की शादी में शामिल होने गांव पहुंचे सीडीएस
अपने दौरे के दौरान जनरल चौहान ने परिवारजनों से मुलाकात कर पारिवारिक माहौल में समय बिताया. बताया जा रहा है कि तीन दिन बाद उनके परिवार में भतीजी का विवाह समारोह आयोजित होना है, जिसमें शामिल होने के लिए वे गांव पहुंचे हैं. इस अवसर पर उन्होंने भतीजी को आशीर्वाद देते हुए उपहार भी भेंट किया.

CDS बनने के बाद पैतृक गांव गंवाणा का पहला दौरा
सीडीएस बनने के बाद यह उनका अपने पैतृक गांव का पहला दौरा है, जिसे लेकर गांववासियों में लंबे समय से उत्सुकता थी. उनके आगमन को ग्रामीणों ने ऐतिहासिक और गर्व का क्षण बताया. जनरल अनिल चौहान का यह दौरा न केवल पारिवारिक बल्कि सामाजिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण रहा, जिसने पूरे क्षेत्र में उत्साह, अपनत्व और गर्व की भावना को और मजबूत कर दिया.

बता दें कि सितंबर 2022 में अनिल चौहान देश की दूसरे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बने थे. अनिल चौहान मूल रूप से उत्तराखंड के रहने वाले है. उनका मूल गांव पौड़ी गढ़वाल में रामपुर ग्राम पंचायत के गवांणा है.

Related Articles

Back to top button