उत्तराखंडखेलदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नर

उत्तराखंड में ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ में भाग लेने के लिए देशभर से पहुंचे 933 एथलीट

Listen to this article

चमोली, 31 मई। जनपद की सुरम्य एवं सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण नीति घाटी में रविवार को ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का भव्य शुभारंभ हुआ. पर्यटन विभाग द्वारा भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के सहयोग से आयोजित इस अनूठे आयोजन में देश के 28 राज्यों से आए 933 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं. तीन दिवसीय इस आयोजन का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है. साथ ही स्थानीय संस्कृति को राष्ट्रीय पहचान दिलाना तथा युवाओं में फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना है.

प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने किया फ्लैग ऑफ
‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का शुभारंभ काबीना मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी ने फ्लैग ऑफ कर किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा राज्य सरकार सीमांत क्षेत्रों के समग्र विकास और पर्यटन संवर्धन के लिए निरंतर कार्य कर रही है. उन्होंने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘फिट इंडिया’ मुहिम को सीमांत क्षेत्रों तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना है. उन्होंने कहा सीमांत गांवों में पर्यटन गतिविधियों के विस्तार से स्थानीय लोगों को रोजगार के नए अवसर मिलेंगे. इससे द्वितीय रक्षा पंक्ति के गांव और अधिक मजबूत होंगे.

रिमखिम से मलारी और नीति तक रहा रेस का ट्रैक
जिला पर्यटन अधिकारी अरविंद गौड़ ने बताया ‘नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन’ का आयोजन 31 मई से 2 जून तक किया जाएगा. पहले दिन रिमखिम-नीति-मलारी 75 किलोमीटर अल्ट्रा रन प्रतियोगिता आयोजित की गई. जिसमें 117 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया. वहीं मलारी-नीति-मलारी 42 किलोमीटर अल्ट्रा रन में 118 प्रतिभागियों ने प्रतिभाग किया.

उन्होंने बताया आगामी दिनों में 5, 10 एवं 21 किलोमीटर की हॉफ मैराथन स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा. समापन अवसर पर गमसाली से मलारी के मध्य 30 किलोमीटर एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी.

चमोली के दिगम्बर ने जीती 75 किमी दौड़
नीति एक्सट्रीम अल्ट्रा रन के पहले दिन चमोली के धावक दिगम्बर कुंवर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 75 किलोमीटर अल्ट्रा मैराथन का खिताब अपने नाम किया. ऊंचे हिमालयी क्षेत्र की कठिन परिस्थितियों के बीच दिगम्बर ने करीब चार घंटे में दौड़ पूरी कर जीत हासिल की. रिमखिम से शुरू हुई 75 किलोमीटर की अल्ट्रा रन सुमना, ग्रैंड कैन्यन स्ट्रेच, मलारी और नीति गांव होते हुए वापस मलारी फिनिश लाइन पर संपन्न हुई. देशभर से पहुंचे धावकों के बीच दिगम्बर ने शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी. अंत तक अपना दबदबा कायम रखा.

इससे पूर्व शनिवार रात्रि मलारी गांव में पर्यटन विभाग द्वारा सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया. लोकगायक किशन महिपाल ने अपने लोकप्रिय लोकगीतों की प्रस्तुति देकर समां बांध दिया. सांस्कृतिक कार्यक्रमों में प्रतिभागियों एवं स्थानीय लोगों ने देर रात तक उत्साहपूर्वक सहभागिता की. इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी,भारतीय सेना एवं आईटीबीपी के अधिकारी-जवान, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे. बता दें कि रविवार सुबह इस आयोजन का फ्लैग आफ करने आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को मलारी पहुंचना था,लेकिन खराब मौसम के चलते उनको यह कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button