उत्तराखंडबड़ी खबरशिक्षासामाजिक

जिला उद्योग केंद्र कोटद्वार में उद्यमियों की सहायता के लिए पहली बार स्थापित हुआ निर्यात हेल्प डेस्क

Listen to this article

कोटद्वार, 3 जून। स्थानीय उद्यमियों को वैश्विक बाजारों से जोड़ने और जनपद में निर्यात गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला उद्योग केन्द्र, कोटद्वार में एक दिवसीय निर्यात प्रोत्साहन कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में निर्यात क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों ने उद्यमियों को विभिन्न योजनाओं, सुविधाओं और निर्यात संभावनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

महाप्रबंधक जिला उद्योग केन्द्र सोमनाथ गर्ग की उपस्थिति तथा विदेश व्यापार महानिदेशालय के उप महानिदेशक हेमंत कुमार के सहयोग से आयोजित इस कार्यशाला में भारत सरकार के विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया।

कार्यशाला में भारतीय निर्यात संगठन महासंघ (फियो) की उप निदेशक मनीषा झा ने निर्यातकों के लिए उपलब्ध सेवाओं और फियो की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं एमएसएमई मंत्रालय, हल्द्वानी के सहायक निदेशक अमित मोहन ने सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों के लिए संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं और प्रोत्साहनों की जानकारी दी।

HDFC बैंक प्रतिनिधि ने बैंकिंग सेवाओं से संबंधित जानकारी साझा की
एचडीएफसी बैंक के प्रतिनिधि अमोल शर्मा ने निर्यातक इकाइयों को उपलब्ध वित्तीय सहायता, ऋण सुविधाओं और बैंकिंग सेवाओं के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। सिडकुल निर्माता संघ, ग्रोथ सेंटर सिगड्डी के सचिव विवेक चौहान ने स्थानीय उत्पादों की निर्यात संभावनाओं पर चर्चा करते हुए उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जनपद में निर्मित उत्पाद गुणवत्ता और विशिष्टता के आधार पर वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण हेल्प डेस्क का उद्घाटन रहा
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के सहयोग से स्थापित निर्यात हेल्प डेस्क का उद्घाटन रहा। अधिकारियों ने बताया कि यह जनपद में अपनी तरह की पहली पहल है, जिससे निर्यातकों और निर्यात क्षेत्र में रुचि रखने वाले उद्यमियों को एक ही स्थान पर आवश्यक मार्गदर्शन, तकनीकी सहायता तथा विभिन्न प्रक्रियाओं से संबंधित जानकारी उपलब्ध हो सकेगी।

अधिकारियों का कहना है कि इस पहल से स्थानीय उद्योगों को नए बाजारों तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी तथा जनपद के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का मार्ग प्रशस्त होगा। कार्यक्रम में प्रबंधक उपासना सिंह, आर.पी. आर्य सहित अनेक उद्यमी और अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button