उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

प्रेम प्रसंग के चलते टिहरी के छात्र की हत्या, मंत्री खजान दास और एससी आयोग के अध्यक्ष ने हर संभव मदद का दिया भरोसा

Listen to this article

नई टिहरी, 10 जून। टिहरी जिले के प्रतापनगर ब्लाक में प्रेम प्रसंग और अंतर्जातीय मित्रता के विवाद में एक 18 वर्षीय दलित युवक की बेरहमी से पीट-पीटकर हत्या करने का बेहद दुखद मामला सामने आया है। मृतक की पहचान प्रतापनगर के देवल गांव निवासी केतन लाल 18 साल के रूप में हई है, जो कक्षा 12वीं का छात्र था। इस घटना में उसका दोस्त दिवाकर डिमरी 22 साल भी गंभीर रूप से घायल हुआ, जिसका बौराड़ी जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।

समाज कल्याण मंत्री खजान दास और अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष ने घटना पर खेद जताया
लंबगांव थाना क्षेत्र के ग्राम देवल निवासी अनुसूचित जाति के केतन लाल (18) के शव को परिजनों ने जिला अस्पताल बौराड़ी में पोस्टमार्टम के 24 घंटे बाद उठाकर अंतिम संस्कार किया। उन्होंने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल दोषियों को फांसी की सजा देने की मांग की। पुलिस प्रशासन, समाज कल्याण मंत्री खजान दास और अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए मृतक के पिता को भरोसा दिया कि सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी।

केतन को पड़ोसी गांव की युवती से हो गया था प्यार
प्रतापनगर के देवल गांव निवासी केतन लाल पुत्र धनपाल लाल का पड़ोसी गांव खोलगढ़ वल्ला की सामान्य जाति की एक किशोरी (14 साल) से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इससे किशोरी के परिजन खासे नाराज थे। आरोप है कि किशोरी ने सात जून को केतन लाल को धोखे से रात में अपने घर बुलाया। जैसे ही केतन अपने साथी दिवाकर डिमरी के साथ किशोरी के घर पहुंचे उसके पिता यशवीर सिंह पंवार समेत अन्य लोगों ने उन्हें कमरे में बंद कर दिया। वहां रातभर डंडे से उनकी पिटाई की गई। आठ जून को अस्पताल ले जाते समय केतन की मौत हो गई थी।

परिजन केतन के अंतिम संस्कार पर अड़े
लंबगांव पुलिस ने पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बौराड़ी भेजा। नौ जून को सुबह 11 बजे डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के साथ पोस्टमार्टम कर दिया था लेकिन परिजनों और भीम आर्मी के लोगों ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी, पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने, एक करोड़ मुआवजा, सरकारी नौकरी समेत कई अन्य मांगें पूरी होने के बाद ही शव का अंतिम संस्कार करने पर अड़ गए।

24 घंटे बाद 10 जून को हुआ अंतिम संस्कार
10 जून को एएसपी दीपक कुमार, सीओ चंद्रमोहन सिंह,कोतवाल एश्वर्यपाल, एलआईयू निरीक्षक शैलेश राणा ने अस्पताल पहुंचकर पीड़ित परिवार को भरोसा दिलाया कि उनका मांग पत्र डीएम ने शासन को भेज दिया है। घटना में शामिल दो आरोपियों को जेल भेजा गया है जबकि कुछ को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। समाज कल्याण मंत्री, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, एससी आयोग के अध्यक्ष ने भी मृतक केतन के पिता से मोबाइल पर बात कर हर संभव मदद का भरोसा दिया। उसके बाद परिजन 24 घंटे बाद शव को बौराड़ी अस्पताल से अंतिम संस्कार के लिए ले गए। कोटीकॉलोनी में गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार किया गया।

केतन की मौत पर नम हुई आंखें, लोगों ने मृतक के पिता को सांत्वना दी
उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग की सदस्य सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, जिला पंचायत सदस्य विजयपाल रावत, भाजपा नेता डॉ. प्रमोद उनियाल, प्रतापनगर की ब्लॉक प्रमुख मनीषा पंवार, भीम आर्मी के प्रदेश प्रभारी सोनू लाठी, प्रदेश अध्यक्ष अंकुश शेरवाल, जिलाध्यक्ष जगदीश लाल, कुलदीप पंवार, प्रधान सुरेश डिमरी, ओमप्रकाश भुजवान और दिनेश भजनियाल आदि ने अस्पताल पहुंच कर घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की।

लंबगांव थाना क्षेत्र में युवक की हत्या में अभियोग पंजीकृत कर पारदर्शी और निष्पक्ष जांच शुरू कर दी गई है। भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) हत्या, 3(5) और एससी एसटी (अत्याचार निवारण) अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच में दो लोगों (लड़की के पिता यशवीर सिंह पंवार और दादा विद्यादत्त पंवार) की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए हैं। आमजन सोशल मीडिया में अपुष्ट, भ्रामक और तथ्यहीन सूचनाओं का प्रसार न करें।
– श्वेता चौबे, एसएसपी टिहरी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button