अफगानिस्तान के ‘अफगानी जज्बे’ के आगे पस्त हुई इंडिया ए, बाकी कसर बारिश ने कर दी पूरी

स्पोर्ट्स डेस्क। इंडिया ए को ट्राई नेशन ए सीरीज के दूसरे मैच में अफगानिस्तान ए के खिलाफ हार झेलनी पड़ी है। दांबुला में खेले गए मुकाबले में इंडिया ए ने पहले बैटिंग करते हुए 49 ओवर में 9 विकेट खोकर 349 रन बनाए। बारिश की वजह से अफगानिस्तान ए को 38 ओवर में 294 रनों का लक्ष्य मिला। 25.5 ओवर के बाद टीम ने दो विकेट पर 177 रन बना लिए थे। इसके बाद फिर से बारिश आ गई। खेल दोबारा शुरू नहीं हो पाया और अफगानिस्तान की टीम ने डकवर्थ लुइस नियम से मैच को 4 रनों से जीत लिया।
वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह की विस्फोटक शुरुआत
टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत धमाकेदार रही। वैभव सूर्यवंशी और प्रभसिमरन सिंह ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए पहले विकेट के लिए 7.1 ओवर में 74 रन जोडे़। वैभव ने ताबड़तोड़ अंदाज में खेलते हुए सिर्फ 22 गेंदों में 44 रन बनाए। हालांकि, वह अच्छी शुरुआत को बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर सके और 9 चौके लगाने के बाद पवेलियन लौटे। प्रियांश आर्या महज 8 रन बनाकर आउट हुए।
इंडिया ए की तरफ से तीन फिफ्टी
इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और प्रभसिमरन ने तीसरे विकेट के लिए 74 गेंदों में 79 रन जोड़े। ऋतुराज ने 80 गेंदों में 66 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, प्रभसिमरन 69 गेंदों में 84 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान तिलक वर्मा ने भी अर्धशतक लगाया और 73 गेंदों पर 66 रन ठोके। सूर्यांश शेडगे ने 27 गेंदों में 40 रनों की उपयोगी पारी खेली। अंत में अनुकूल रॉय ने 8 गेंदों में 2 चौके और एक छक्के की मदद से नाबाद 16 रन बनाए। अफगानिस्तान ए की ओर से गेंदबाजी में अब्दुल्ला अहमदजई ने 5 विकेट झटके तो फरमानुल्लाह साफी ने 3 विकेट अपने नाम किए।
अफगानिस्तान ने शुरुआत से ही तेज रन बनाए
अफगानिस्तान की पारी देरी से शुरू हुई। टीम को जीत के लिए डीएलएस नियम से 38 ओवर में 294 रनों का मुश्किल लक्ष्य मिला। कप्तान इमरान मीर और हसन ईसाखिल की सलामी जोड़ी ने टीम को बेहतरीन शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 48 गेंदों पर 63 रन जोड़े। अरशद खान ने ईसाखिल (34) को आउट करके साझेदारी तोड़ी। खालिद तनीवाल सिर्फ दो रन बनाकर अनुकूल रॉय का शिकार बन गए।
इसके बाद बाहिर शाह ने इमरान मीर का साथ निभाया। इमरान ने 45 गेंदों पर अपनी फिफ्टी पूरी की। 26वें ओवर में बाहिर का भी अर्धशतक पूरा हो गया। इसी ओवर की 5वीं गेंद के बाद बारिश की वजह से खेल को रोकना पड़ा, जिसके बाद यह दोबारा शुरू नहीं हो पाया। मीर ने 70 गेंदों पर 75 जबकि शाह ने 52 गेंदों पर 51 रनों की पारी खेली। दोनों के बीच 108 रनों की नाबाद साझेदारी हुई। भारतीय गेंदबाजों ने अतिरिक्त के 15 रन दिए।



