
देहरादून, 14 जून। उत्तराखंड देहरादून जिले के सहसपुर पुलिस स्टेशन के बैरागी वाला इलाके में पानी के झगड़े को लेकर दो पक्षों के बीच हुई हिंसक झड़प में एक व्यक्ति की मौत के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया. शनिवार रात की घटना के बाद रविवार सुबह कुछ लोगों ने एक हमलावर के घर पर और अन्य आरोपियों के घर के पास आगजनी कर दी. उसके बाद पत्थरबाजी भी हुई. पत्थरबाजी में कुछ लोगों की घायल होने की भी सूचना है. मामले में अभी तक 3 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. उधर, प्रशासन ने तीनों आरोपियों के घर बुलडोजर की कार्रवाई की. मामले में अभी तक 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.
खेत की सिंचाई को लेकर 13 जून को हुआ था बवाल
13 जून को देहरादून के बैरागी वाला इलाके में खेत में सिंचाई को लेकर दो गुटों में विवाद हुआ. विवाद में एक पक्ष के दर्जनभर लोगों ने दूसरे पक्ष के एक युवक विनोद की धारदार हथियार से हमलाकर हत्या कर दी. इसके बाद मामला बढ़ गया. देर रात तक पीड़ित परिवार और ग्रामीण पुलिस थाने में डटे रहे और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे. स्थानीय विधायक मुन्ना सिंह चौहान भी पीड़ित परिवार के साथ मौजूद रहे.
वहीं रविवार 14 जून सुबह घटना को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और लोगों ने हत्यारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए सड़क जाम कर प्रदर्शन करना शुरू किया. इस दौरान आक्रोशित लोगों ने एक हमलावर के घर पर आग लगा दी. जबकि कुछ लोगों के घर के बाहर भी आगजनी की. इस दौरान पत्थरबाजी भी हुई. पत्थरबाजी में कुछ लोगों के घायल होने की भी सूचना है.
इस घटना के सिलसिले में तीन नामजद आरोपियों और 12 लोगों के खिलाफ (रज्जाक, इम्तियाज, अमन, यूनुस, शाहबाज, शराफत अली, मासूम , आदिल, शमून, सलमान, जावेद, इंतजार) मामला दर्ज किया है. इसमें नामजद 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है. इलाके में पुलिस के जवान तैनात हैं और हालात पर नजर रख रहे हैं ताकि मामला और न बिगड़े.
प्रमेंद्र डोबाल, एसएसपी देहरादून
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
रज्जाक पुत्र मासूम, सलमान पुत्र युनुस, जावेद पुत्र मासूम, शहबाज पुत्र शहीद सभी निवासी बैरागीवाला, थाना सहसपुर जिला देहरादून.
सांप्रदायिक हिंसा की संभावना को देखते हुए क्षेत्र में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात की गई है. क्षेत्र में एसडीएम की तैनाती कर हालात पर निगरानी और शांति व्यवस्था बनाने का प्रयास जारी है. मृतक के परिजनों से जिला प्रशासन लगातार संपर्क बनाए हुए है. परिजनों को आरोपियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया गया है. इसके अलावा सोशल मीडिया पर भी निगरानी रखी जा रही. मामले में पुलिस अब तक 3 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. जबकि जबकि मामले में 12 लोग आरोपी बनाए गए हैं.
आशीष चौहान, डीएम देहरादून
उधर, स्थानीय प्रशासन ने तीनों आरोपियों के घर पर अवैध अतिक्रमण की बात कहते हुए बुलडोजर की कार्रवाई शुरू कर दी है. घर की बाउंड्रीवाल तोड़ी गई है. प्रशासन का दावा है कि क्षेत्र में अब शांति व्यवस्था बरकरार है.
देवभूमि उत्तराखंड की शांति और सामाजिक सौहार्द को बिगाड़ने की कोशिश करने वाली हिंसक मानसिकता को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. देहरादून में हुई घटना की जितनी निंदा की जाए उतनी कम है, जो लोग कानून को चुनौती देने का दुस्साहस करेंगे, उन्हें ऐसा दंड मिलेगा कि भविष्य में कोई भी ऐसी हरकत करने से पहले हजार बार सोचेगा.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड
देहरादून बैरागीवाला बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है. इस मामले में हिंदूवादी संगठनों ने चकराता रोड को जाम कर दिया है. मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है.



