‘उत्तराखंड के मंत्री 20-20 लाख में बेच रहे नौकरियां’, PCC चीफ गोदियाल का आरोप

बेरीनाग, 4 जुलाई, 26. पिथौरागढ़ में चल रही कांग्रेस की ‘परिवर्तन संकल्प यात्रा’ शुक्रवार को बेरीनाग पहुंची. यहां पर त्रिपुरादेवी में पूर्व दर्जा राज्य मंत्री खजान गुड्डू के नेतृत्व में छोलिया नृत्य के साथ यात्रा का स्वागत किया गया. उधर गंगोलीहाट के व्यालपाटा मैदान में हुई. इसमें कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रदेश सहित कुमाऊं के नेताओं का जमावड़ा रहा. गोदियाल ने जहां प्रदेश के मंत्रियों पर नौकरियां बेचने का आरोप लगाया वहीं पिछले दिनों कांग्रेस के कार्यक्रम में हंगामा करने वाले अपने नेताओं पर कार्रवाई की बात भी कही.
गणेश गोदियाल ने बीजेपी पर लगाया छल करने का आरोप
प्रदेश अध्यक्ष गोदियाल ने अपने संबोधन में मां महाकाली को नमन करते हुए कहा कि यह कुमाऊं रेजिमेंट की कुल देवी की धरती है. मेरा सौभाग्य है कि परिवर्तन यात्रा के दौरान मां महाकाली के दर्शनों का सौभाग्य मिला. उन्होंने कहा कि जिताऊ प्रत्याशी को ही कांग्रेस पार्टी टिकट देगी और जो प्रत्याशी टिकट से वंचित रह जाएंगे, उनको कांग्रेस की सरकार बनने पर उचित सम्मान दिया जाएगा. उन्होंने कहा कि गंगोलीहाट विधानसभा सीट में भाजपा ने हर बार टिकट बदलकर भोली भाली जनता के साथ छल किया है.
भ्रष्टाचारियों को बचा रही सरकार, अधिकारी ले रहे मौज
देहरादून के गलियारों में चर्चा है कि इस बार भी भाजपा गंगोलीहाट विधानसभा सीट में वर्तमान विधायक का टिकट हर हाल में काटने जा रही है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भाजपा के विधायक विकास से कोसों दूर हैं. गोदियाल ने आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में भ्रष्टाचार अपने चरम पर है और भाजपा सरकार भ्रष्टाचारियों को बचा रही है. अधिकारी मौज़ ले रहे हैं विधायक अपने अच्छे दिनों का आनंद उठाने में व्यस्त हैं.
गोदियाल ने मंत्रियों पर नौकरियां बेचने का आरोप लगाया
गोदियाल ने कहा कि उत्तराखंड में पेपर लीक का व्यापार जोरों से चल रहा है. इस सरकार में कई हाकम सिंह मौजूद हैं. वहीं प्रदेश सरकार में मौजूद मंत्री और उनके परिजन बीस बीस लाख रुपये लेकर नौकरी बेच रहे हैं. गोदियाल ने कहा कि प्रदेश में अवैध खनन भी खूब चल रहा है. 1600 स्कूल बंद कर 400 नई शराब की भट्टियां गांव गांव खोल दी गई हैं.
अंकिता भंडारी मामले पर भी बोलो गणेश
गोदियाल ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भी वह उत्तराखंड आए, उन्होंने कभी भी अंकिता भंडारी हत्याकांड के खुलासे के लिए सीएम को आदेशित नहीं किया. 5 किलो राशन की जगह कांग्रेस के शासन में दस वर्ष पूर्व अट्ठाईस हज़ार रुपया तोला सोने के दाम को बढ़ाकर एक लाख अस्सी हज़ार रुपए तोला करके केंद्र सरकार जनता से अनाज के बदले जमकर वसूली कर रही है. गोदियाल ने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि इस पहाड़ी राज्य का मध्यम व गरीब वर्ग अपनी बेटी को विवाह में एक तोला सोना भी नहीं दे सकता. वहीं भाजपा के नेता देश भर से सोने को खरीदकर जमा कर रहे हैं.



