
पौड़ी, 19 जुलाई, 26. मौसम विभाग द्वारा 22 जुलाई के लिए ऑरेंज अलर्ट और 23 जुलाई के लिए रेड अलर्ट जारी किए जाने के बाद पौड़ी जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी एफ. आर. चौहान ने रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी संबंधित विभागों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और अधिकारियों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी ने आपदा स्थिति से निपटने को तैयार रहने के दिये निर्देश
बैठक में अपर जिलाधिकारी ने कहा कि संभावित अतिवृष्टि और आपदा की स्थिति से निपटने के लिए सभी विभाग आवश्यक मानव संसाधन, मशीनरी और उपकरणों के साथ पूरी तरह तैयार रहें। स्वास्थ्य विभाग को सभी 108 एम्बुलेंस सेवाओं को सक्रिय रखने तथा अस्पतालों में आवश्यक दवाइयों और अन्य व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बिजली, पानी की सेवाओं में कोई व्यवधान उत्पन्न न हो
विद्युत एवं पेयजल विभाग को निर्बाध सेवाएं बनाए रखने तथा किसी भी बाधा की स्थिति में तत्काल मरम्मत कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए। वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD), राष्ट्रीय राजमार्ग (NH), पीएमजीएसवाई और अन्य सड़क निर्माण एजेंसियों को संवेदनशील एवं भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में पहले से ही जेसीबी मशीनें, ऑपरेटर और अन्य आवश्यक संसाधन तैनात रखने को कहा गया, ताकि सड़क बंद होने की स्थिति में यातायात जल्द से जल्द बहाल किया जा सके।
विकासखंड स्तर के अधिकारियों को लगातार निगरानी के निर्देश
अपर जिलाधिकारी ने सभी उप जिलाधिकारियों, तहसील और विकासखंड स्तर के अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनाए रखने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए संभावित आपदा के दौरान जन-धन की हानि को न्यूनतम रखने के लिए पूरी तत्परता से तैयार रहें।



