
देहरादून, 22 जुलाई, 26. वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर लंबे समय से धरना दे रहे नर्सिंग अभ्यर्थी के आंदोलन ने उस वक्त गंभीर मोड़ ले लिया, जब स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के यमुना कॉलोनी स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन के दौरान चार महिला प्रदर्शनकारियों ने आत्महत्या का प्रयास किया. जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
दून अस्पताल में चल रहा इलाज, एक छात्रा की हालत गंभीर
पुलिस और प्रशासन ने तत्काल चारों महिलाओं को अपने वाहनों से दून अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है. बताया जा रहा है कि इनमें से एक छात्रा की हालत गंभीर है. वहीं, स्वास्थ्य मंत्री के आवास के बाहर अभी भी नर्सिंग अभ्यर्थियों का धरना जारी है. उनका कहना है कि सरकार उनकी सुध लेने को तैयार नहीं है.
चार महिला अभ्यर्थियों ने उठाया आत्मघाती कदम
बता दें कि वर्षवार भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग अभ्यर्थी पिछले कई महीनों से एकता विहार में लगातार आंदोलन कर रहे हैं. बुधवार को प्रदर्शन के दौरान अचानक चार महिला अभ्यर्थियों ने आत्मघाती कदम उठा लिया. जिससे मौके पर हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और चारों को तत्काल दून अस्पताल में भर्ती कराया गया.
आत्महत्या का प्रयास करने वाली चारों महिलाओं के नामों की अभी पुष्टि नहीं हो सकी है. उन्होंने कहा कि महिलाओं में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है और वो खुद भी अस्पताल पहुंच रहे हैं. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जबकि, अस्पताल में चारों महिलाओं का इलाज जारी है.
नवल पुंडीर, अध्यक्ष, नर्सिंग एकता मंच
नर्सिंग अभ्यर्थी यमुना कॉलोनी में स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल से बात करने आए थे, लेकिन वो नहीं मिले. पिछले 8 महीने से हमारा धरना चल रहा है, लेकिन आज तक भी स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल ने वार्ता नहीं की है. हम लोग कोई दंगा या फिर हुड़दंग करने नहीं आए थे, बल्कि यह सब पुलिस वाले कर रहे हैं.
– महिला नर्सिंग अभ्यर्थी
हम सुबह ही 20 से 25 लोग बातचीत करने आए थे, लेकिन अब तक भी मंत्री हमसे मिले नहीं है. हमारी मांग है कि वर्षवार यानी सीनियरिटी के हिसाब से भर्ती हो. क्योंकि, हमारी उम्र निकलती जा रही है. मेरे बैच के 40 लोगों में से 12 लोग प्राइवेट नौकरी कर रहे हैं. जबकि, 38 लोग सरकारी जॉब में हैं.
– महिला नर्सिंग अभ्यर्थी
सुबोध उनियाल के आवास पर आ धमकी महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला

उधर, महिला अभ्यर्थी के आत्महत्या के प्रयास की खबर सामने आने के बाद नर्सिंग अभ्यर्थियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया. घटना की जानकारी मिलते ही महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में महिलाएं स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के आवास पर पहुंच गईं. प्रदर्शनकारियों ने मंत्री के आवास के बाहर जमकर नारेबाजी की और नर्सिंग भर्ती को लेकर सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की. प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पहले से ही पुलिस बल तैनात था. स्थिति बिगड़ने की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला समेत कई महिला कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया.
बता दें, उत्तराखंड में रोजगार का मुद्दा गरमाया हुआ है. मंगलवार को देहरादून में उत्तराखंड सचिवालय के पास उत्तराखंड बेरोजगार संघ के सैकड़ों सदस्यों और राज्य भर से आए सरकारी नौकरी के उम्मीदवारों ने विरोध प्रदर्शन किया था. इसके बाद सचिवालय की ओर मार्च किया गया. प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि राज्य सरकार अलग-अलग विभागों में खाली पदों के लिए तुरंत भर्ती प्रक्रिया शुरू करे.



