सेना में अग्निवीर बनने को सोमनाथ मैदान में 27 जुलाई को दौड़ेंगे कुमाऊं के युवा

रानीखेत, 23 जुलाई, 26. कुमाऊं व नागा रेजिमेंट सेंटर (केआरसी) मुख्यालय में भारतीय सेना में अग्निवीर सैनिकों के साथ ही केंद्रीय व जोनल श्रेणी की भर्ती रैली की तैयारी तेज हो गई है। ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान में 27 जुलाई से शुरू होने जा रही रैली में पहले दिन उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के सभी जिलों के नौजवान सेना की केंद्रीय श्रेणी (धार्मिक शिक्षक जेसीओ व शिक्षा हवलदार) में भर्ती के लिए भाग्य आजमाएंगे।
28 को जोनल श्रेणी (सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट) व 29 अगस्त को जोनल श्रेणी सोल्जर टेक्निकल नर्सिंग असिस्टेंट व सेपोइ फार्मा पदों के लिए उप्र व उत्तराखंड के युवा दौड़ में हिस्सा लेंगे।
नौ अगस्त तक चलेगी भर्ती प्रक्रिया
30 जुलाई से छह अगस्त तक आहूत अग्निवीर जनरल कैटेगरी तथा अग्निवीर टेक्निकल व ट्रेड्समैन की भर्ती रैली में कुमाऊं के अल्मोड़ा, बागेश्वर, नैनीताल व उधमसिंह नगर जनपद के युवा ही हिस्सा लेंगे। भर्ती प्रक्रिया नौ अगस्त तक चलेगी।
केआरसी मुख्यालय में अग्निवीर भर्ती रैली की तैयारी के मद्देनजर बुधवार को ऐतिहासिक सोमनाथ मैदान के सभागार में प्रशासन व सैन्य अधिकारियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई। निदेशक भर्ती कर्नल महेश कुमार के साथ संयुक्त मजिस्ट्रेट दीक्षिता जोशी ने व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने ऊर्जा निगम, जल संस्थान परिवहन निगम के अधिकारियों को सफल आयोजन के लिए अभी से तैयारी में जुटने के निर्देश दिए।
उन्होंने रैली में पहुंचने वाले अभ्यर्थियों के रहने के लिए कैंट, मिशन व नेशनल इंटर कालेज के साथ ही शिव मंदिर धर्मशाला तथा रंगोली सभागार में व्यवस्थाएं बनाने को कहा। साथ ही होटलों व रेस्टोरेंट में भोजन की रेट लिस्ट चस्पा करने के भी निर्देश दिए। निदेशक भर्ती कार्यालय कर्नल महेश कुमार ने बताया कि अभ्यर्थियों का सैन्य परिसर में प्रात: 3:30 बजे प्रवेश शुरू हो जाएगा, जिसकी अनुमति प्रात: छह बजे तक ही दी जाएगी।
30 जुलाई को अग्निवीर जनरल कैटेगरी के लिए बागेश्वर, 31 को बागेश्वर व नैनीताल, एक अगस्त को नैनीताल, दो को नैनीताल व ऊधम सिंह नगर, तीन को ऊधम सिंह नगर व अल्मोड़ा, चार व पांच को अल्मोड़ा तथा छह अगस्त को अग्निवीर टेक्निकल व ट्रेड्समैन के लिए कुमाऊं के चारों जिलों के युवा हिस्सा लेंगे। इस दौरान सहायक भर्ती अधिकारी सुनील कुमार, ईई जल संस्थान सुरेश ठाकुर, एसडीओ ऊर्जा आयुष चौहान, एइ लोनिवि पुनीता रानी, इओ पालिका राजेश बुधानी, स्वच्छता निरीक्षक छावनी अजय प्रताप सिंह, एसएसआइ बृजमोहन भट्ट, आदि मौजूद रहे।
सेना की कोटा भर्ती में जुटेंगे देश भर के युवा
रानीखेत: केआरसी व नागा मुख्यालय में ही 17 से 28 अगस्त तक यूनिट कोटा भर्ती रैली भी होगी। सेना भर्ती कार्यालय के अनुसार 17 को अग्निवीर जनरल डयूटी (जीडी) के लिए उत्तराखंड के सभी जिलों के युवा हिस्सा लेंगे। 18 को शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। 19 अगस्त को अग्निवीर जनरल डयूटी के लिए उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, मध्य प्रदेश, दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ समेत पूर्वोत्तर राज्यों के नौजवान सैनिक बनने के लिए दमखम दिखाएंगे।
20 अगस्त को दौड़ पास कर चुके युवाओं की शारीरिक दक्षता परीक्षा होगी। 21 को अग्निवीर ट्रेडमैन, 22 को शारीरिक दक्षता तथा 23 को विशिष्ट खिलाड़ियों को मौका दिया जाएगा। इसमें सफल युवा 24 को शारीरिक दक्षता परीक्षा की बाधा पार करेंगे। भर्ती अधिकारी के अनुसार रैली में वही युवा हिस्सा ले सकेंगे जिनके पास रेजिमेंट की ओर से जारी भर्ती नोटिफिकेशन में निर्धारित दस्तावेज उपलब्ध होंगे।



