उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

कोटद्वार में AI-डिजिटल मार्केटिंग सीखने के लिए तीन माह का नि:शुल्क प्रशिक्षण, 4 अगस्त तक करें आवेदन

कोटद्वार, 25 जुलाई, 26. युवाओं, स्टार्टअप उद्यमियों एवं व्यवसायियों को डिजिटल तकनीकों से जोड़कर स्वरोजगार और व्यवसाय विस्तार के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से जिला उद्योग केन्द्र, कोटद्वार द्वारा तीन माह का निःशुल्क एडवांस डिजिटल मार्केटिंग प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण में प्रतिभागियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) आधारित आधुनिक डिजिटल मार्केटिंग तकनीकों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

डिजिटल युग में युवाओं को मौका
जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक सोमनाथ गर्ग ने बताया कि प्रशिक्षण में एआई आधारित डिजिटल मार्केटिंग, फेसबुक, इंस्टाग्राम एवं यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर मार्केटिंग, गूगल एड्स एवं मेटा एड्स का संचालन, कैनवा के माध्यम से प्रोफेशनल ग्राफिक डिजाइन, एआई टूल्स की सहायता से कंटेंट, वीडियो एवं प्रेजेंटेशन तैयार करना, सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन (SEO), ईमेल मार्केटिंग, डिजिटल एनालिटिक्स तथा ऑनलाइन बिक्री बढ़ाने की आधुनिक रणनीतियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से हो चुकी है शुरू
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण के लिए आवेदन प्रक्रिया 25 जुलाई से शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि 4 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है, जबकि 5 अगस्त को चयन के लिए साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए स्नातक अथवा बेसिक आईटी ज्ञान रखने वाले, सोशल मीडिया की सामान्य जानकारी रखने वाले तथा डिजिटल मार्केटिंग सीखने के इच्छुक युवा एवं उद्यमी आवेदन कर सकते हैं।

केवल 25 अभ्यर्थियों का होगा चयन
महाप्रबंधक ने बताया कि कार्यक्रम के तहत केवल 25 अभ्यर्थियों का चयन मेरिट एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को पूर्णतः निःशुल्क रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा, जिससे वे डिजिटल क्षेत्र में नए अवसरों का लाभ उठाने के साथ-साथ अपने व्यवसाय को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकेंगे।

इच्छुक अभ्यर्थी आवेदन पत्र ऑनलाइन भर सकते हैं तथा अधिक जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 9568326416 पर संपर्क कर सकते हैं। महाप्रबंधक ने पात्र युवाओं, स्टार्टअप उद्यमियों एवं व्यवसायियों से समय रहते आवेदन कर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button