उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरसामाजिकस्वास्थ्य

शिक्षिका सृष्टि कंडारी की मौत मामले में आरोपी पति और ननद गिरफ्तार, CB-CID करेंगी जांच

देहरादून, 1 अगस्त, 26. हर्रावाला क्षेत्र में नवविवाहित सरकारी स्कूल की शिक्षिका की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी सचिवालय के निजी सचिव पति सौरभ खत्री और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू निवासी लक्ष्मण एन्क्लेव दिल्ली फार्म हर्रावाला को गिरफ्तार कर लिया है।

मामले में तंत्र-मंत्र की बात भी आ रही है सामने


इस घटनाक्रम में तंत्र-मंत्र की बात भी सामने आ रही है। हालांकि पुलिस अभी इसकी जांच कर रही है। सृष्टि कंडारी (खत्री) की शादी नवंबर 2025 में हुई थी, कुछ समय बाद ही उनके ससुर की तबीयत खराब हो गई, जोकि बिस्तर में पड़े थे। ऐसे में ससुराल वाले सृष्टि को अपमानित करते थे। ससुराल वालों ने तंत्र मंत्र के भ्रम में आकर सृष्टि को मनहूस ठहराना शुरू कर दिया था।

खत्री की मां की भूमिका की जांच
पिता के निधन के बाद सौरभ खत्री क्रिया में बैठा हुआ था, पुलिस ने उसे वहीं से गिरफ्तार कर लिया। वहीं सौरभ खत्री की मां की भूमिका की जांच की जा रही है। प्रेस कांफ्रेंस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने बताया कि श्रीकोट, श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में तहरीर दी कि उनकी पुत्री सृष्टि कंडारी (खत्री) की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी।

कीर्तिनगर राजकीय इंटर कालेज में अध्यापिका थी सृष्टि
सृष्टि टिहरी गढ़वाल के विकासखंड कीर्तिनगर स्थित राजकीय इंटर कालेज रिगोली (मल्ली) में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थीं। सीमा कंडारी ने बताया कि विवाह के बाद से ही सृष्टि को दहेज की मांग को लेकर मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। उसे मनहूस कहकर अपमानित किया जाता था तथा परिवार में हुई अनिष्ट घटनाओं, ससुर की बीमारी और मृत्यु के लिए भी जिम्मेदार ठहराया जा रहा था। सृष्टि समय-समय पर उत्पीड़न की जानकारी देती थी।

दहेज की मांग को लेकर किया जा रहा था प्रताड़ित
पुलिस के अनुसार 29 जुलाई को श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) निवासी सीमा कण्डारी ने कोतवाली डोईवाला में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनकी पुत्री सृष्टि कण्डारी का विवाह नवंबर 2025 में लच्छमण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुआ था। विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर सृष्टि को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि पति, सास और ननद की प्रताड़ना के चलते उनकी पुत्री की हत्या कर दी गई।

जांच के दौरान पुलिस ने मृतका के परिजनों और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए। मृतका की मां ने पुलिस को एक वीडियो भी उपलब्ध कराया, जिसमें सृष्टि ने विवाह के बाद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए शनिवार को नामजद आरोपी सौरभ खत्री (36 वर्ष) और उसकी बहन सुरभि खत्री उर्फ चारू (37 वर्ष) को लच्छमण एन्क्लेव, दिल्ली फार्म, हर्रावाला से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और अन्य आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है।

सुसाइड नोट और 6 मिनट का भावुक वीडियो के चलते पुलिस ने तत्काल की कार्रवाई
खुदकुशी से पहले सृष्टि ने एक वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने अपने पति, ननद व सास पर प्रताड़ित करने की बात कही थी। 29 जुलाई की घटना से ठीक पहले सृष्टि का एक 6 मिनट 35 सेकेंड का भावुक वीडियो सामने आया है। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हुआ। प्रसारित वीडियो का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी की। इस मामले में जिला मुख्यालय से लेकर शासन तक हड़कंप मचा हुआ है, घटना को लेकर लोगों में भी काफी रोष है। आरोपित सौरभ खत्री सचिवालय संघ से भी जुड़ा हुआ है।

मामले की CB-CID जांच के आदेश
मामले की गंभीरता और जनाक्रोश को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रकरण की निष्पक्ष और विस्तृत जांच CB-CID को सौंपने के आदेश दिये हैं। डोईवाला कोतवाली में मृतका की मांग की शिकायत पर पति, सास और ननद के खिलाफ BNS की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Related Articles

Back to top button