
चमोली, 15 अगस्त, 26. मायापुर स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में 13 अगस्त को हुए हादसे के बाद लापता मजदूरों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान शनिवार को भी जारी रहा. अभियान के दौरान एक और श्रमिक के शव को बाहर निकाला गया है. इसकी के साथ पीपलकोटी टनल हादसा मौत का आंकड़ा 8 पहुंच गया है. दो मजदूरों की अभी भी तलाश की जा रही है.
टनल हादसे में लापता तीन श्रमिकों में से एक श्रमिक का शव बरामद कर लिया गया है. मृतक की पहचान देवनाथ पुत्र धनसु राम बघेल, निवासी ग्राम दहीगोंडा, पोस्ट ऑफिस दहीगोंडा, छत्तीसगढ़ के रूप में हुई है.
लक्ष्मीकांत बिजलवाण, पीपलकोटी चौकी इंचार्ज
टनल के अंदर पानी अधिक होने के कारण हो रही मुशीबत
टनल हादसे के बाद लापता दो अन्य मजदूरों की तलाश युद्धस्तर पर की जा रही है. रेस्क्यू टीमें टनल के भीतर संभावित स्थानों पर सघन सर्च अभियान चला रही है. पानी की अधिक मात्रा रेस्क्यू कार्य में चुनौती बनी हुई है. इसे देखते हुए सक्शन पंप समेत अन्य उपकरणों की मदद से टनल में भरे पानी की निकासी का काम भी तेजी से किया जा रहा है. पानी का स्तर कम होने के साथ ही रेस्क्यू टीमों के लिए टनल के भीतर आवाजाही आसान होने की उम्मीद है. इसके बाद संभावित स्थानों तक पहुंचकर लापता श्रमिकों की तलाश को और तेज किया जा सकेगा.
SDRF, NDRF, पुलिस और जिला प्रशासन रेस्क्यू अभियान में
जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और संबंधित विभागों की टीमें आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं. मौके पर उपलब्ध संसाधनों और उपकरणों के जरिए अभियान को गति देने का प्रयास किया जा रहा है. प्रशासन ने लापता दोनों श्रमिकों की तलाश को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी संभावित स्थानों पर सघन खोज अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं.
बता दें चमोली पीपलकोटी टनल हादसे के बाद से अभी तक रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है. हादसे में अब तक आठ मजदूरों की मौत हो चुकी है. हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों में उत्तर प्रदेश के तीन, उत्तराखंड के दो और छत्तीसगढ़ के 3 मजदूर शामिल हैं.
वहीं, टनल हादसे में 12 मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है. इनमें 11 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है, जबकि एक मजदूर को मामूली चोट के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है. 2 मजदूर अभी भी टनल के अंदर फंसे हुए हैं.



