
पौड़ी, 15 अगस्त, 26. 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा पौड़ी जनपद देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर गांव तक तिरंगे की आन, बान और शान के साथ भारत माता के जयघोष गूंजते रहे। जिला मुख्यालय में प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इस दौरान राष्ट्रगान के बीच पूरा कलेक्ट्रेट परिसर देशभक्ति के भाव से सराबोर हो गया।
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट तक भव्य प्रभात फेरी निकाली। हाथों में तिरंगा और जुबां पर देशभक्ति के नारों के साथ निकली प्रभात फेरी ने पूरे शहर में राष्ट्रीय उत्साह का संचार किया। विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस का संदेश दिया।
संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया और नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने नशामुक्त भारत अभियान के तहत हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की और उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलाई।
प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि आजादी केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण कर राष्ट्र निर्माण के प्रति अपनी जिम्मेदारी दोहराने का दिन है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश और उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहे हैं। विकसित भारत के संकल्प में उत्तराखंड पूरी मजबूती से अपनी भूमिका निभा रहा है।
उन्होंने कहा कि पौड़ी वीर सैनिकों की धरती है, जिसने देश को ऐसे वीर सपूत दिए हैं जिन्होंने तिरंगे की आन, बान और शान के लिए अपने प्राण न्योछावर किए। उन्होंने युवाओं और बच्चों से नशे से दूर रहने, लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। बेटियों की शिक्षा, सुरक्षा एवं सम्मान, गांवों की मजबूती तथा प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी उन्होंने जोर दिया।
जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें अधिकारों के साथ अपने कर्तव्यों का भी बोध कराता है। संवेदनशील, जवाबदेह और जन-केंद्रित प्रशासन हमारी प्राथमिकता है। आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान, विकास कार्यों की निगरानी तथा तकनीक एवं नवाचार के माध्यम से जनसेवाओं को बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास तभी सार्थक है, जब उसका लाभ समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचे।
समारोह में अंडर-14 एवं अंडर-17 बालक-बालिका वर्ग की क्रॉस कंट्री दौड़ में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अतिथियों ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से प्रेक्षागृह को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। प्रस्तुतियों के दौरान तालियों की गड़गड़ाहट और भारत माता के जयघोष से पूरा प्रेक्षागृह गूंजता रहा।
इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर सैनिकों और वीर नारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने देश की आजादी और रक्षा के लिए दिए गए उनके त्याग एवं बलिदान को नमन किया।



