खटीमा में रोजगार और आजीविका के स्थाई अवसर तलाश रही सरकार : सीएम

खटीमा, 1 सितंबर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा को विकास की छह बड़ी सौगातें देते हुए नगर वन ऑक्सीजन पार्क का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने पार्क परिसर में पौधरोपण किया और निरीक्षण के दौरान इसके विस्तार के साथ आवश्यक सुविधाएं बढ़ाने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उन्होंने सर्किट हाउस, स्टेडियम, क्रियाशाला और वेंडिंग जोन सहित छह महत्वपूर्ण विकास कार्यों की घोषणा की।
व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश महत्वपूर्ण तीर्थस्थल
मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा की भौगोलिक स्थिति इसे पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण बनाती है। व्यास वैली, पंचाचूली और आदि कैलाश जाने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए यहां सर्किट हाउस का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने नगर वन ऑक्सीजन पार्क के विस्तारीकरण और इसके लिए आवश्यक वित्तीय संसाधन उपलब्ध कराने की बात भी कही।
पार्क को स्वच्छ और स्वस्थ रखना सभी लोगों की जिम्मेदारी
मुख्यमंत्री ने कहा कि नगर वन ऑक्सीजन पार्क क्षेत्रवासियों को स्वच्छ, हरित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखना सरकार के साथ आम लोगों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने पार्क परिसर में महिलाओं की सुविधा के लिए पिंक शौचालय बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वैश्विक तापवृद्धि और जलवायु परिवर्तन की चुनौती के दौर में वनों और पर्यावरण का महत्व लगातार बढ़ रहा है। इकोलॉजी और इकोनॉमी एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि पूरक हैं।
रोजगार और आजीविका के स्थाई अवसर ढूंढ रही सरकार
सरकार पर्यावरण संरक्षण के साथ आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की नीति पर आगे बढ़ रही है, ताकि वर्तमान के साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए भी रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर तैयार हों। उन्होंने कहा कि स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों, चार्जिंग ढांचे और सौर ऊर्जा परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है।
उत्तराखंड लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में देश के अग्रणी राज्यों में अपनी पहचान बना रहा है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
अजय भट्ट, सांसद



