अंतर्राष्ट्रीय यूनिवर्सिटी मेले में ग्राफिक एरा में शामिल हुईं 18 अंतर्राष्ट्रीय यूनिवर्सिटीज

देहरादून, 1 सितंबर, 26. विदेश में उच्च शिक्षा हासिल करने के इच्छुक छात्र-छात्राओं के लिए ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में अंतर्राष्ट्रीय शिक्षा का बड़ा मंच सजा। ग्लोबल कनेक्ट-2026 के तहत आयोजित अंतर्राष्ट्रीय यूनिवर्सिटी मेले में यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया, इटली, आयरलैंड और जर्मनी की 18 प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटीज ने हिस्सा लिया।
मेले में छात्र-छात्राओं को विदेश में उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों, पाठ्यक्रमों और अवसरों की जानकारी सीधे संबंधित विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों से मिली। यूनिवर्सिटी ऑफ शेफील्ड, यूनिवर्सिटी ऑफ लिवरपूल, यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग, मैनचेस्टर मेट्रोपॉलिटन यूनिवर्सिटी और यूनिवर्सिटी ऑफ नॉर्थैम्प्टन समेत कई प्रतिष्ठित संस्थानों के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को सेमेस्टर एक्सचेंज कार्यक्रम, समर एवं विंटर इंटर्नशिप, मास्टर्स पाठ्यक्रम और विदेशी भाषाओं के विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विदेश में अध्ययन के दौरान उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों और अंतर्राष्ट्रीय अनुभवों को लेकर भी विद्यार्थियों से संवाद किया गया।
विश्वविद्यालय में आयोजित इस आयोजन से विद्यार्थियों को अलग-अलग देशों की उच्च शिक्षा व्यवस्था और वहां उपलब्ध पाठ्यक्रमों को समझने का अवसर मिला। एक ही मंच पर विभिन्न अंतर्राष्ट्रीय विश्वविद्यालयों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी से विदेश में पढ़ाई की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को अपने भविष्य के विकल्पों पर सीधे जानकारी हासिल करने में मदद मिली।



