उत्तराखंडक्राइमबड़ी खबरशिक्षासामाजिकस्वास्थ्य

ऋषिकेश नाबालिग दुष्कर्म केस में 24 घंटे में मुख्य आरोपी समेत होटल मैनेजर और संचालक गिरफ्तार

ऋषिकेश, 1 सितंबर, 26. तीर्थनगरी ऋषिकेश में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है. मुख्य आरोपी समेत होटल के मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी घटना के सामने आने के करीब 24 घंटे के भीतर की गई. जांच के दौरान होटल प्रबंधन की भूमिका भी सामने आने के बाद पुलिस ने मैनेजर और संचालक को गिरफ्तार कर मामले में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की है. पुलिस ने संबंधित होटल का लाइसेंस निरस्त करने के लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भी भेज दी है.

29 अगस्त को होटल ले जाने का आरोप
देहरादून एसपी देहात जया बलूनी के मुताबिक, पीड़िता के पिता ने 30 अगस्त 2026 को कोतवाली ऋषिकेश में तहरीर दी थी. तहरीर में आरोप लगाया गया कि 29 अगस्त को मुजफ्फरनगर निवासी 21 वर्षीय सोफियान नाम का युवक उनकी 16 वर्षीय नाबालिग बेटी को बहला-फुसलाकर अपने साथ पुराने रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल में ले गया. आरोप है कि होटल में युवक ने नाबालिग के साथ मारपीट की और उसके साथ दुष्कर्म किया. घटना के बाद नाबालिग की तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचे, जहां उसे भर्ती कराया गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

POCSO समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा
ऋषिकेश पुलिस ने शुरुआत में धारा 137(2), 65, 115(2), 123 बीएनएस और धारा 5/6 पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की गई.

हरिद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार हुआ मुख्य आरोपी
मुख्य आरोपी सोफियान की तलाश में पुलिस टीम ने उसके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी. इसी दौरान 31 अगस्त 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी को हरिद्वार क्षेत्र में सिंहद्वार फ्लाईओवर के नीचे से गिरफ्तार किया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किया गया. पुलिस का दावा है कि मोबाइल की जांच के दौरान घटना से संबंधित पीड़िता के फोटो और वीडियो भी मिले हैं. इन डिजिटल साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया गया है.

जांच में होटल प्रबंधन की भूमिका भी आई सामने
मुख्य आरोपी से पूछताछ और अब तक जुटाए गए सबूतों के आधार पर पुलिस को होटल में नाबालिग को प्रवेश दिए जाने से संबंधित गंभीर तथ्य सामने आए. पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान नाबालिग को होटल में उचित पहचान एवं सत्यापन के बिना और आवश्यक रजिस्टर प्रविष्टि किए बगैर प्रवेश दिया गया था.

होटल संचालक और मैनेजर भी गिरफ्तार
इतना ही नहीं, पुलिस का कहना है कि होटल प्रबंधन को घटना की जानकारी होने के बावजूद इसकी सूचना पुलिस और संबंधित सहायता एजेंसी को नहीं दी. जांच के दौरान एक और महत्वपूर्ण तथ्य सामने आया कि नाबालिग को होटल से बाहर ले जाने के दौरान होटल के सीसीटीवी कैमरों को बंद किए जाने की बात भी सामने आई. इन तथ्यों के सामने आने के बाद पुलिस ने होटल मैनेजर 34 वर्षीय वैभव गुप्ता निवासी ऋषिकेश और होटल संचालक 36 वर्षीय राहुल अग्रवाल निवासी ऋषिकेश को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया. मामले में अब धारा 5/6/15/16/19/21 पॉक्सो एक्ट और धारा 61(2)/238 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है. इस तरह मामले में पुलिस ने अब तक कुल तीन आरोपियों मुख्य आरोपी, होटल मैनेजर और होटल संचालक को गिरफ्तार किया है.

होटल का लाइसेंस निरस्त कराने की तैयारी
पुलिस ने मामले में होटल प्रबंधन की भूमिका सामने आने के बाद संबंधित होटल के लाइसेंस को निरस्त कराने की दिशा में भी कार्रवाई शुरू कर दी है. इसके लिए सराय एक्ट के तहत उप जिलाधिकारी ऋषिकेश को रिपोर्ट भेजी गई है. अब प्रशासनिक स्तर पर रिपोर्ट के आधार पर होटल के लाइसेंस को लेकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं आज सुबह तक आरोपियों की गिरफ्तार न होने तक लोगों का गुस्सा भड़क चुका था. लोगों ने होटल के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए होटल में तोड़फोड़ भी की थी।

Related Articles

Back to top button