
देहरादून, 10 सितंबर, 26. देश और प्रदेश में बढ़ती महंगाई, रसोई के बढ़ते खर्च और आम जनता पर बढ़ते आर्थिक बोझ के विरोध में महानगर महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन किया. महानगर महिला कांग्रेस की अध्यक्ष उर्मिला थापा के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने एश्ले हॉल चौक पर भाजपा सरकार का पुतला दहन कर विरोध जताया. इस दौरान कांग्रेस की महिलाओं ने गले में चीनी की पुड़िया से बनी माला पहनकर बढ़ती महंगाई का विरोध किया, जबकि कुछ महिलाओं ने प्याज की माला गले में पहनी.
इस दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई पर तत्काल प्रभाव से अंकुश लगाने की मांग उठाई. प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि लगातार बढ़ती कीमतों के कारण घर का बजट प्रभावित हो रहा है. आम परिवारों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है. महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्य और केंद्र सरकार पर भी जमकर हमला बोला.

महिला कांग्रेस ने केंद्र और राज्य सरकार से महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की. कांग्रेस नेत्री उर्मिला थापा ने कहा चीनी की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है, लेकिन सरकार चीनी के बढ़ते दामों पर नियंत्रण नहीं लग पा रही है. इसी तरह सब्जियां, दालों खाद्य तेल की कीमतों में भी इजाफा होता जा रहा है.
बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी का गृहस्थी चलाना मुश्किल हो गया है. उन्होंने कहा कोई भी चीज आम आदमी को सस्ती दर पर नहीं मिल रही है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकाल के समय जब किसी वस्तु के एक या 2 रुपये दाम बढ़ जाते थे तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर बैठ जाते थे, लेकिन अब जब खाने की चीजों में 30 से ₹40 रुपए की वृद्धि की जा रही है, उससे आम आदमी का भरोसा सरकार से उठता जा रहा है.



