उत्तराखंडयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर, ऑनलाइन पंजीकरण शुरू

पौड़ी, 11 सितंबर, 26. समाज कल्याण एवं जनजाति कल्याण विभाग की ओर से संचालित पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए शैक्षणिक वर्ष 2026-27 में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितंबर निर्धारित की गई है। पात्र छात्र-छात्राएं राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल NSP scholarships.gov.in पर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने विद्यार्थियों से अंतिम तिथि का इंतजार न करते हुए समय से आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

छात्रवृत्ति के लिए आवेदन करने से पहले विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर वन टाइम रजिस्ट्रेशन (ओटीआर) कर ओटीआर नंबर प्राप्त करना होगा। इसके बाद ओटीआर के माध्यम से लॉगिन कर ऑनलाइन आवेदन पत्र भरना होगा और आवश्यक अभिलेख पोर्टल पर अपलोड करने होंगे। ओटीआर OTR और आधार सीडिंग से संबंधित मार्गदर्शी वीडियो विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध हैं।
रोहित दुबड़िया, जिला समाज कल्याण अधिकारी

छात्रवृत्ति सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजी जायेगी
उन्होंने बताया कि छात्रवृत्ति की धनराशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। इसके लिए विद्यार्थियों का बैंक खाता आधार से लिंक होना जरूरी है। छात्रवृत्ति प्राप्त होने तक बैंक खाता सक्रिय रखना होगा। विद्यार्थियों को आवेदन के दौरान अपनी श्रेणी और संबंधित छात्रवृत्ति योजना का सही चयन करने की भी सलाह दी गई है।

जिला समाज कल्याण अधिकारी ने शैक्षणिक संस्थानों से पात्र विद्यार्थियों को आवेदन प्रक्रिया में आवश्यक सहयोग देने और प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध सत्यापन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि अंतिम तिथि में कम समय शेष है, ऐसे में आवेदन और सत्यापन में किसी भी तरह की देरी न की जाए। इसके लिए अनुसूचित जाति SC, अनुसूचित जनजाति ST, अन्य पिछड़ा वर्ग OBC और अल्पसंख्यक और आर्थिक रूप से कमजोर EWS वर्ग के विद्यार्थी ही पात्र हैं।

जानकारी के लिए समाज कल्याण विभाग के टोल फ्री नंबर पर संपर्क करें
तकनीकी सहायता के लिए समाज कल्याण विभाग के आईटी सेल के टोल फ्री नंबर 18001804236 और मोबाइल नंबर 6395221188 पर संपर्क किया जा सकता है। विभागीय वेबसाइट पर आवेदन से संबंधित अन्य जानकारी भी उपलब्ध है। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों से 30 सितंबर से पहले ओटीआर पंजीकरण और छात्रवृत्ति आवेदन की प्रक्रिया अनिवार्य रूप से पूरी करने की अपील की है।

समाज कल्याण विभाग ने सभी स्कूल व कालेज प्रशासन को निर्देश दिये हैं कि वे पात्र विद्यार्थियों के आवेदनों का समय से सत्यापन verification सुनिश्चित करें, ताकि कोई भी योग्य छात्र छात्रवृत्ति से वंचित न रह जाये।

Related Articles

Back to top button