
देहरादून, 11 सितंबर, 26. उत्तराखंड में पिछले पांच दिनों से धरना दे रहे MBBS इंटर्न डॉक्टरों की मांगों पर प्रदेश सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है. जिसके तहत सरकार ने 25,000 रुपए प्रति महीने स्टाइपेंड देने पर सहमति जता दी है. कैबिनेट बैठक के दौरान प्रदेश के पांचों मेडिकल कॉलेजों के एमबीबीएस इंटर्न के स्टाइपेंड को बढ़ाने से जुड़े प्रस्ताव पर मुहर लगा दी गई है.
7 सितंबर से धरनारत थे MBBS इंटर्न डाक्टर्स
बता दें कि उत्तराखंड में अभी एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टर्स को 17 हजार रुपए स्टाइपेंड मिल रहा है. जिसके चलते ये डॉक्टर्स स्टाइपेंड को 17 हजार से बढ़ाकर 30 हजार रुपए प्रति माह करने की मांग कर रहे थे, जिसके लिए 7 सितंबर से धरना दे रहे थे. ऐसे में उत्तराखंड सरकार ने उत्तर प्रदेश की तर्ज पर स्टाइपेंड को बढ़ाकर 25 हजार रुपए कर दिया है. जो एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टर की बड़ी जीत मानी जा रही है.
स्टाइपेंड 30 हजार रुपए करने की रखी थी मांग
उत्तराखंड में 5 राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहे हैं. जिसमें श्रीनगर (पौड़ी), हल्द्वानी (नैनीताल), देहरादून, हरिद्वार और अल्मोड़ा मेडिकल कॉलेज शामिल हैं. इन सभी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस एवं पीजी पाठ्यक्रम संचालित हैं. इन संस्थानों में करीब 600 एमबीबीएस इंटर्न्स और पीजी रेजिडेंट डॉक्टर्स तैनात हैं, जो पिछले पांच दिनों से स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलनरत थे. एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों की मांग थी कि महंगाई और बढ़ते खर्च को देखते हुए उनका स्टाइपेंड 17,000 रुपए से बढ़ाकर कम से कम 30,000 रुपए किया जाए, तो वहीं पोस्टग्रेजुएट (एमडी/एमएस) रेजिडेंट डॉक्टरों ने 1 लाख रुपए प्रतिमाह स्टाइपेंड की मांग रखी थी.
स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन के साथ किया कार्य बहिष्कार
बीती 7 सितंबर 2026 से शुरू हुए इस आंदोलन में MBBS इंटर्न और रेजिडेंट डॉक्टरों ने ओपीडी और वार्ड ड्यूटी का बहिष्कार किया, जिससे राज्य के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं प्रभावित हुईं. हालांकि, इमरजेंसी सेवाएं जारी रहीं। जिसको देखते हुए चिकित्सा शिक्षा निदेशालय ने शासन को इंटर्न्स के स्टाइपेंड में वृद्धि का प्रस्ताव भेजा था, जिसमें एमबीबीएस इंटर्न्स के लिए 25,000 रुपए, पीजी रेजिडेंट्स के लिए 90,000 रुपए और वरिष्ठ रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए 1 लाख रुपए प्रतिमाह का प्रावधान शामिल था.
मंत्रिमंडल ने बढ़ाया 25,000 रुपए स्टाइपेंड
ऐसे में आज यानी 11 सितंबर को धामी मंत्रिमंडल की बैठक के दौरान एमबीबीएस इंटर्न्स के स्टाइपेंड को 17,000 रुपए से बढ़ाकर 25,000 रुपए प्रतिमाह करने को मंजूरी दे दी है. हालांकि, पीजी इंटर्न डॉक्टर्स पर अभी कोई निर्णय नहीं दिया गया है.
अन्य राज्यों में मिल रहे स्टाइपेंड का दिया था हवाला
मेडिकल कॉलेजों में धरना दे रहे MBBS इंटर्न डॉक्टर्स ने अपने ज्ञापन में अन्य राज्यों में मिल रहे स्टाइपेंड का हवाला दिया था. जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तराखंड में 17,000 रुपए का स्टाइपेंड दिया जा रहा है. जबकि, अन्य राज्यों में स्टाइपेंड 25,000 प्रति महीने से ज्यादा है. ज्ञापन में इस बात को कहा गया था कि ओडिशा और पश्चिम बंगाल में करीब 44,000 रुपए स्टाइपेंड दिए जा रहे हैं. जबकि, उत्तर प्रदेश सरकार ने भी पिछले महीने एमबीबीएस-बीडीएस इंटर्न्स का स्टाइपेंड को 12,000 रुपए से बढ़ाकर 25,000 रुपए प्रतिमाह कर दिया था. लिहाजा, उनकी भी बढ़ाई जाए. जिस पर अब प्रदेश सरकार ने सकारात्मक रुख अपनाया है.
एमबीबीएस के बाद जो इंटर्नशिप करते हैं, उन्होंने कल स्टाइपेंड बढ़ाने को लेकर अपनी बात रखी है. जिस पर आज मंत्रिमंडल ने फैसला ले लिया है. जिसके तहत उनका स्टाइपेंड को 17,000 रुपए से बढ़ाकर 25,000 रुपए प्रतिमाह कर दिया गया है.
-पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड



