
देहरादून, 18 सितंबर, 26. यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस UFBU के आह्वान पर उत्तराखंड में बैंक कर्मचारियों ने प्रदर्शन कर अपनी 5डे सहित छह सूत्रीय मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। सभी बैंक कर्मचारी देहरादून घंटाघर के पास एश्ले हॉल स्थित सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया के सामने करीब 4000 बैंक कर्मियों ने प्रदर्शन किया. प्रदर्शन कर रहे बैंक कर्मचारियों का कहना है कि वो लंबे समय से पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करने की मांग कर रहे है, लेकिन सरकार की ओर से अब तक इस पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है. इसीलिए उन्होंने अब सड़कों पर उतरकर अपना आक्रोश व्यक्त किया है.
5डे बैंकिंग व्यवस्था लागू करने को कर्मियों का हल्ला बोल
प्रदर्शनकारी बैंक कर्मियों का कहना है कि बैंकिंग क्षेत्र में लगातार डिजिटल सुविधाओं का विस्तार हुआ है और कर्मचारी छुट्टियों के दौरान भी कई तरह के काम करते हैं. इसके बावजूद बैंक कर्मचारियों को पांच दिन कामकाज की व्यवस्था का लाभ नहीं मिल रहा है. देहरादून में शुक्रवार को बैंक कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने समेत अन्य विभिन्न मांगों के लेकर हल्ला बोल किया.
28 और 30 सितंबर को बैंक कर्मचारियों की देशव्यापी हड़ताल की चेतावनी
उनका कहना है कि एलआईसी, नाबार्ड समेत कई अन्य क्षेत्रों में पांच दिवसीय कार्य व्यवस्था लागू है, जबकि बैंक कर्मचारियों की मांग अभी तक लंबित है. ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स कन्फेडरेशन के संयोजक इंदर रावत ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया तो 28 और 30 सितंबर को देशव्यापी हड़ताल की जाएगी. इसके बाद भी मांग पूरी नहीं होने पर बैंक कर्मचारियों ने 20 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी हैं.
संयोजक इंदर रावत ने कहा कि बैंक कर्मी अपने स्तर पर इसका ध्यान रखते हैं कि हड़ताल पर जाने से पहले बैंकिंग व्यवस्था को प्रभावित न हो. उनकी पहली कोशिश यहीं है कि बातचीत के जरिए सरकार उनकी समस्या का समाधान निकाले. उनकी मांग किसी विशेष लाभ की नहीं, बल्कि कर्मचारियों के वर्क-लाइफ बैलेंस और बेहतर कार्य व्यवस्था से जुड़ी है.
बैंक कर्मचारियों ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पांच दिवसीय बैंकिंग व्यवस्था लागू करने के साथ कर्मचारियों से जुड़े अन्य लंबित मुद्दों पर भी जल्द निर्णय लिया जाए. कर्मचारियों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों को स्वीकार करती है तो वे आंदोलन समाप्त कर काम पर लौटने के लिए तैयार हैं.



