ज्योतिर्मठ में युवती से अभद्रता करने वाला हरिद्वार का कथित डेंटिस्ट गिरफ्तार, viral वीडियो के बाद हरकत में पुलिस

चमोली, 24 सितंबर, 26. उत्तराखंड के चमोली जिले के ज्योतिर्मठ (जोशीमठ) में एक युवती से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार के आरोपी कथित डेंटिस्ट डाक्टर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और इस मामले को लेकर सुरक्षा पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं।
घटना की वजह
पीड़ित युवती अपने दांतों की सफाई/इलाज कराने के सिलसिले में मुख्य बाजार में स्थित डाक्टर के क्लीनिक पर गयी थी। आरोप है कि वहां इलाज के नाम पर डॉक्टर ने उसके साथ कथित तौर पर छेड़खानी और दुर्व्यवहार किया।
आरोपी व्यक्ति सतपाल सिंह (60 साल) मूल रूप से एतमपुर (रोशनाबाद), थाना सिडकुल, जिला हरिद्वार का निवासी बताया जा रहा है, जो वहां दुकान/क्लिनिक चला रहा था। घटना के बाद पीड़िता की शिकायत और सोशल मीडिया पर मामला गरमाने के बाद, चमोली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
सुरजीत सिंह पंवार, एसपी चमोली
जनता का आक्रोश
घटना सामने आने और सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में बेहद नाराजगी है। लोग आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई और महिला सुरक्षा को लेकर कड़े कदम उठाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस फिलहाल इस मामले की पूरी गहराई से जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक स्थिति और आरोपी की आधिकारिक योग्यताओं की पुष्टि की जा सके।



