
यमकेश्वर, 26 सितंबर, 26. महायोगी गुरु गोरखनाथ राजकीय महाविद्यालय, बिथ्याणी (यमकेश्वर), पौड़ी गढ़वाल में छात्र संघ निर्वाचन 2026-27 की प्रक्रिया के तहत कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए नामांकन के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच चुनाव नियमों और निर्धारित प्रक्रिया के तहत की गई.
शनिवार 12 बजे तक था नाम वापसी का समय
शनिवार प्रातः 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नाम वापसी की समय-सीमा निर्धारित थी। समय सीमा खत्म होने तक कुल 8 (आठ) नामांकित प्रत्याशियों में से किसी भी प्रत्याशी द्वारा अपना नाम वापस नहीं लिया गया। तत्पश्चात, अपराह्न 12:30 बजे से 03:00 बजे तक नामांकन प्रपत्रों की सूक्ष्म जांच की गई, जिसमें सभी प्रत्याशियों के नामांकन पत्र वैध पाए गए। छात्रसंघ चुनाव को लेकर अब चुनाव प्रचार भी अंतिम चरणों में पहुंच चुका है। अब प्रत्याशी अपने-अपने तरीके से चुनाव प्रचार में लग गये हैं। इस दौरान कॉलेज का माहौल पूरी तरह छात्र संघ चुनाव के रंग में रंगा नजर आने लगा है।
अध्यक्ष पद के लिए दिव्यांशी और प्रीति में सीधा मुकाबला
नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद पर बीए तृतीय सेमेस्टर की दिव्यांशी का सीधा मुकाबला बीए तृतीय सेमेस्टर की ही प्रीति से होगा। उपाध्यक्ष पद के लिए केवल गुंजन बीए तृतीय सेमेस्टर ने नाम दाखिल किया है। वहीं सचिव पद पर अनीशा बीए तृतीय सेमेस्टर तथा सह सचिव पद के लिए अंकिता बीएस.सी प्रथम सेमेस्टर और कोषाध्यक्ष पद के लिए कुसुम बीए प्रथम सेमेस्टर का पर्चा वैध पाया गया। इन सभी का निर्विरोध चुना जाना तय है।
इसके अलावा विश्वविद्यालय प्रतिनिधि के लिए अभिनय उनियाल बीएससी प्रथम सेमेस्टर और शिवानी बीए प्रथम सेमेस्टर की बीच सीधा मुकाबला देखने को मिलेगा।
चुनाव का शेड्यूल
नाम वापसी एवं नामांकन पत्रों की जांच 26 सितंबर
मतदान 29 सितंबर प्रात: 8 या 10 बजे से दोपहर 1:00 या 2:00 बजे तक
मतगणना एवं परिणाम: 29 सितंबर को ही दोपहर बाद। (मतगणना समाप्त होते ही विजयी उम्मीदवारों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जायेगा।)



