
रुद्रप्रयाग, 3, अक्टूबर, 26. केदारनाथ धाम में मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण और संचालित अस्थायी दुकानों को हटाने की कार्रवाई के बाद व्यापारियों में नाराजगी खुलकर सामने आ गयी है। शनिवार को प्रशासन और पुलिस की निगरानी में दुकानों को हटाए जाने की कार्रवाई के विरोध में बड़ी संख्या में व्यापारी हेलीपैड पहुंचे और धरने पर बैठ गए। इस दौरान प्रशासन और व्यापारियों के बीच भारी हंगामा भी देखने को मिला।
व्यापारियों के हेलीपैड पर धरना देने से प्रशासन के सामने स्थिति को संभालने की चुनौती बढ़ गई. व्यापारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अस्थायी दुकानें लगाकर अपनी आजीविका चला रहे हैं. यात्रा सीजन के दौरान इन्हीं दुकानों से होने वाली आय उनके परिवारों के भरण-पोषण का प्रमुख जरिया है. दुकानों को हटाए जाने से उनका रोजगार प्रभावित हो रहा है और उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है. बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था या पूर्व सहमति के दुकानें हटाए जाने से स्थानीय व्यापारियों में रोष फैल गया।
फिलहाल स्थिति सामान्य बनाने को बातचीत का प्रयास
व्यापारियों ने दुकानें हटाने की कार्रवाई का विरोध करते हुए अपनी मांगों पर बातचीत की मांग की. मामले को लेकर प्रशासन की ओर से व्यापारियोंसे बातचीत कर स्थिति सामान्य करने के प्रयास किए जा रहे हैं. वहीं व्यापारी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं. इससे धाम में दुकानें हटाने का मामला अब विवाद का रूप लेता दिखाई दे रहा है.
मंदिर मार्ग पर अतिक्रमण के कारण तीर्थ यात्रियों के आवागमन में परेशानी हो रही है. साथ ही अतिक्रमण के चलते केदारनाथ धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों में भी दिक्कतें आती हैं. उन्होंने कहा कि व्यापारियों को स्थिति से अवगत कराते हुए समझाने का प्रयास किया जा रहा है।
विशाल मिश्रा, जिलाधिकारी



