फिल्म PN36 की शूटिंग के लिए नैनीताल पहुंची जाह्नवी कपूर, नयना देवी मंदिर में टेका मत्था

नैनीताल, 11 अक्टूबर, 26. उत्तराखंड की सरोवर नगरी नैनीताल की खूबसूरती एक बार फिर बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर को अपनी ओर खींच लाई. फिल्म ‘PN36’ की शूटिंग के सिलसिले में नैनीताल पहुंचीं जाह्नवी कपूर ने नयना देवी मंदिर में मत्था टेककर पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने शिवलिंग पर जल चढ़ाया और नैनीताल के मौसम व नैनी झील की खूबसूरती की तारीफ की. जाह्नवी को मंदिर परिसर में देखकर श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई. करीब 15 मिनट तक मंदिर में रुकने के बाद अभिनेत्री वापस लौट गईं.
नयना देवी के मंदिर में टेका मत्था
बॉलीवुड की चमक-दमक से दूर नैनीताल में सादगी भरे अंदाज में अभिनेत्री जाह्नवी कपूर नजर आईं. शूटिंग के व्यस्त कार्यक्रम के बीच शारदीय नवरात्र के पहले दिन जाह्नवी कपूर नैनीताल के प्रसिद्ध मां नयना देवी मंदिर पहुंची। इस दौरान उन्होंने न सिर्फ विधि-विधान से पूजा-अर्चना की, बल्कि नैनीताल की प्राकृतिक खूबसूरती की भी जमकर तारीफ की. तस्वीरों और कैमरों की चकाचौंध से दूर जाह्नवी बेहद सादे लिबास में अपने सुरक्षा कर्मियों के साथ मंदिर पहुंचीं.
जाह्नवी दोपहर करीब 12 बजकर 45 मिनट पर पार्किंग से नंगे पैर पैदल चलकर मंदिर परिसर में दाखिल हुईं. यहां उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और इसके बाद परिसर में स्थित शिवलिंग पर जल चढ़ाया. इस दौरान मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने अभिनेत्री को नयना देवी मंदिर के इतिहास और धार्मिक महत्व से जुड़ी जानकारियां दीं.
जाह्नवी की एक झलक पाने को लोगों की भीड़ जुटी
मंदिर में जाह्नवी की मौजूदगी की खबर जैसे ही श्रद्धालुओं को लगी, उनकी एक झलक पाने के लिए लोगों की भीड़ जुटने लगी. हालांकि, अभिनेत्री ने मंदिर परिसर में करीब 15 मिनट बिताए और इसके बाद वहां से रवाना हो गईं. मंदिर दर्शन के दौरान जाह्नवी कपूर नैनीताल की खूबसूरती से प्रभावित नजर आईं. उन्होंने यहां के मौसम और खूबसूरत झील को बेहद दर्शनीय बताया. जाह्नवी की यह यात्रा ऐसे समय में हुई है, जब वह फिल्म की शूटिंग के लिए नैनीताल पहुंची हैं. जाह्नवी नैनीताल में थ्रिलर रोमांटिक फिल्म ‘PN 36’ की शूटिंग कर रही हैं. उनके साथ अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और अभिनेता सिद्धार्थ गुप्ता भी शूटिंग कर रहे हैं.



