उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नरवीडियो

‘आपसे बोला तो जा नहीं रहा… गाना क्या गाएंगे’, मंत्री ने दलेर मेहंदी को मंच पर ही फटकारा; VIDEO वायरल

नरेंद्रनगर, 20 अक्टूबर, 26. नरेंद्रनगर के प्रसिद्ध सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की बीती रात की सांस्कृतिक संध्या में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब बालीवुड गायक और पाप स्टार दलेर मेहंदी के लाइव कंसर्ट में बैकग्राउंड साउंड ट्रैक (डबिंग) का मामला सामने आया।

दलेर मेहंदी को लाइव सुनने पहुंचे हजारों दर्शकों को उस वक्त भारी निराशा हाथ लगी जब मंच पर केवल दो गाने गाने के बाद पीछे से दूसरे लोगों द्वारा गाना गाए जाने की आवाज आने लगी। इस पूरे प्रकरण से जहां स्थानीय जनता भड़क गई, वहीं मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने खुद मंच पर जाकर सीधे दलेर मेहंदी के सामने अपनी तीखी नाराजगी व्यक्त की।

दलेर मेहंदी पर लिप-सिंक और नशे का आरोप
मंत्री सुबोध उनियाल ने आरोप लगाया कि दिलेर मेहंदी मंच पर ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे और लाइव गाने के बजाय बैकग्राउंड में चल रही रिकॉर्डेड आवाज पर लिप-सिंक कर रहे थे। उन्होंने माइक पर कहा, आपसे बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गायेंगे।

बीते रविवार कुंजापुरी मेले की मुख्य सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण दलेर मेहंदी थे और पंडाल में उनके चाहने वालों का भारी हुजूम उमड़ा हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दलेर मेहंदी ने मंच पर आकर शुरुआत में एक-दो गाने गाए, लेकिन उसके ठीक बाद मंच पर उनके पीछे से किसी और की आवाज का साउंड (ट्रैक) आने लगा। इस धोखे को देखकर कार्यक्रम सुनने आए स्थानीय लोगों ने भारी नाराजगी व्यक्त की। जब बैकग्राउंड साउंड ट्रैक बजने के कारण जनता में गुस्सा और शोर बढ़ने लगा, तो मुख्य अतिथि और क्षेत्रीय कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल खुद को रोक नहीं पाए।

वे तुरंत मंच पर दलेर मेहंदी के बिल्कुल करीब पहुंचे और परफार्मेंस के बीच में ही उन्हें रोककर सीधे आपत्ति दर्ज कराई। मंत्री सुबोध उनियाल ने बेहद कड़े शब्दों में दलेर मेहंदी से कहा कि नरेंद्रनगर की जनता यहां आपको लाइव सुनने आई है, न कि पीछे से बज रही डबिंग या किसी और की रिकार्डेड आवाज पर आपको केवल एक्टिंग करते देखने। यह इस ऐतिहासिक मेले के मंच और देवभूमि के दर्शकों की भावनाओं का अपमान है। मंत्री की इस सीधी टोक के बाद कुछ देर के लिए मंच पर सन्नाटा पसर गया। मंच पर मचे घमासान और दर्शकों के भारी आक्रोश के बीच पंडाल में अफरा-तफरी और हंगामे की स्थिति पैदा हो गई थी।

35 लाख की फीस
मंत्री सुबोध उनियाल ने यह भी बताया कि इस कार्यक्रम के लिए दिलेर मेहंदी को करीब 35 से 40 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद जनता को लाइव प्रस्तुति नहीं मिली। विवाद के बाद व्यवस्था ठीक की गई, और प्रशासन के अनुसार कुछ व्यवधान के बाद कार्यक्रम आगे बढ़ा, हालांकि इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

इस बीच पुलिस की बहुत बड़ी और सराहनीय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए सूझबूझ का परिचय दिया। पुलिस के अधिकारियों और जवानों ने कड़ी मशक्कत कर माहौल को बिगड़ने से बचाया और हर एक चीज को अच्छे से व्यवस्थित करके अपनी जिम्मेदारी को बखूबी निभाया। कैबिनेट मंत्री की सख्त हिदायत, पुलिस की मुस्तैदी और पर्दे के पीछे मचे घमासान के बाद आयोजकों और तकनीकी टीम ने तुरंत व्यवस्था को सुधारा। जब सब कुछ सही हो गया, तो माहौल एक बार फिर पूरी तरह बदल गया।

फीकी शुरुआत अंतत: धमाकेदार रही
दलेर मेहंदी की लाइव प्रस्तुति और डीजे की धमाकेदार आवाज व गानों की धुन पर दर्शकों का उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच गया। शुरुआत में नाराजगी जताने वाले दर्शकों और युवाओं ने बाद में पंडाल में जमकर नाच-गाना किया। दलेर मेहंदी के सुपरहिट गानों पर देर रात तक दर्शक झूमते रहे, जिससे शुरुआत में फीकी पड़ती दिख रही सांस्कृतिक संध्या अंततः एक यादगार और धमाकेदार रात में तब्दील हो गई।

मीका सिंह का बयान
कपिल से पहले मीका ने एक वीडियो बयान में अपने बड़े भाई का बचाव करते हुए कहा कि दलेर मेहंदी बीमार चल रहे हैं और एक बड़ी सर्जरी के बाद अभी भी रिकवर हो रहे हैं. उन्होंने इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि उनके भाई ने शराब पी थी. उन्होंने सोशल मीडिया पर दलेर मेहंदी को शराबी कहने पर नाराजगी जताई और चुनौती दी कि अगर कोई इसे साबित कर दे कि दलेर मेहंदी ने कभी शराब पी, तो वे गाना छोड़ देंगे.

Related Articles

Back to top button