उत्तरप्रदेशउत्तराखंडशिक्षासामाजिक

जब योगी बने बेटे को मां ने भिक्षा में दिया था चावल, फल और सिक्के, खास थे वो पल, चार साल बाद लौटे थे घर, विदाई के वक्त रो पड़े थे अजय

यमकेश्वर, 20 नवम्बर, 26. कुछ रिश्ते वक्त और दूरियों से कभी खत्म नहीं होते। मां और बेटे का रिश्ता भी ऐसा ही होता है। बेटा चाहे कितनी ही ऊंचाइयों पर पहुंच जाए, मां के लिए वह हमेशा उसका बच्चा ही रहता है। पहली भिक्षा में मां सावित्री देवी ने अपने हाथों से बेटे योगी आदित्य नाथ को फल, चावल और पैसे दिए थे, सामने खड़ा बेटा संन्यासी बन चुका था, लेकिन मां के लिए वह आज भी वही अजय था, जिसे कभी गोद में खिलाया था।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी मां सावित्री देवी के जीवन का एक ऐसा ही भावुक प्रसंग है जो आज मां के निधन के बाद और भी मार्मिक हो गया है। ये बात उस दिन की है जब योगी आदित्यनाथ संन्यास ग्रहण करने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे।

भिक्षा देने के दौरान मां ही नहीं, पूरा परिवार रो पड़ा था। बेटे योगी आदित्यनाथ की आंखें भी नम थीं। बहन शशि सिंह ने मीडिया रिपोर्ट में इस पल को बेटी की विदाई जैसा बताया था। उत्तराखंड के पंचूर गांव की सावित्री देवी के जीवन का यह सबसे भावुक पल था।

वर्ष 1993 में घर छोड़कर गोरखपुर आए अजय सिंह बिष्ट ने 14 जनवरी 1994 को संन्यास की दीक्षा ग्रहण की और योगी आदित्यनाथ बन गए। इसके करीब चार वर्ष बाद जब वह संन्यासी के रूप में अपने गांव लौटे तो उनका उद्देश्य परिवार के साथ समय बिताना नहीं बल्कि संन्यास परंपरा के एक महत्वपूर्ण विधान को पूरा करना था। नाथ संप्रदाय की दीक्षा के बाद वह योगी आदित्यनाथ बन गए। परिवार को उनके संन्यास की जानकारी कई महीने बाद मिली।

1998 में मां से ली पहली भिक्षा
संन्यास के करीब चार साल बाद वर्ष 1998 में योगी आदित्यनाथ अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे। यह सामान्य पारिवारिक मुलाकात नहीं थी। संन्यासी परंपरा के तहत उन्हें अपनी मां से पहली भिक्षा लेनी थी। सावित्री देवी ने बेटे को फल, चावल और पैसे दिए। बहन शशि सिंह ने मीडिया को बताया था कि भिक्षा देते समय पूरा परिवार रो रहा था। योगी आदित्यनाथ भी अपने आंसू नहीं रोक पाए थे। शशि ने इस दृश्य की तुलना बेटी की विदाई से की थी। शशि के मुताबिक, इस घटना ने मां को भीतर तक हिला दिया।

उन्हें अपने माता-पिता से संन्यासी के रूप में भिक्षा लेनी थी। घर के आंगन में जब संन्यासी बेटे के सामने मां आईं तो भावनाओं का सैलाब उमड़ पड़ा। मां ने अपने बेटे को भिक्षा स्वरूप चावल, फल और सिक्के दिए। यह भिक्षा देते हुए उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। मां का मन बेटे को दोबारा दूर भेजने के लिए तैयार नहीं था। उन्होंने उन्हें रोकने की कोशिश की और वापस न जाने की गुहार लगाई।

मां की ममता और संन्यासी बेटे के संकल्प के बीच एक भावुक पल ठहर गया। योगी आदित्यनाथ ने मां से कहा था, ‘मां-मैं यहां रहने नहीं, भिक्षा लेने आया हूं।’ ये कुछ शब्द थे लेकिन इनके पीछे एक मां की ममता और बेटे के संन्यासी जीवन का कठोर संकल्प छिपा था।

उस दिन मां ने अपने बेटे को भिक्षा देकर संन्यास की परंपरा का निर्वहन किया लेकिन मां का मन शायद उसे विदा करने को तैयार नहीं था। मां के निधन के बाद पंचूर गांव में इन्हीं बातों को याद कर लोग भावुक हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सावित्री देवी ने बेटे को हमेशा आशीर्वाद दिया और उसके फैसले का सम्मान किया।

खेतों में काम, पशुओं की देखभाल और सात संतानों की परवरिश
सावित्री देवी का जीवन पहाड़ के सामान्य ग्रामीण परिवार की जिम्मेदारियों के बीच बीता। पति आनंद सिंह बिष्ट वन विभाग में कार्यरत थे। परिवार में चार बेटे और तीन बेटियां थीं। सावित्री देवी दिनभर खेतों में काम करतीं और गायों की देखभाल करती थीं। शाम को बच्चों की पढ़ाई के दौरान रसोई की जिम्मेदारी संभालती थीं। उस समय गांव में बिजली नहीं थी। बच्चे मिट्टी के तेल की बत्ती वाले दीये के आसपास बैठकर पढ़ते थे। गांव में वर्ष 1982 में बिजली पहुंची। अजय भी बचपन में इन्हीं परिस्थितियों में पले-बढ़े। बहन शशि सिंह के मुताबिक, वह अपने छोटे भाई को रोजाना करीब एक किलोमीटर दूर स्थित सरकारी स्कूल ले जाती थीं। दोनों रास्ते में साल के जंगलों से गुजरते थे। अजय पढ़ाई में तेज थे और बच्चों से काफी लगाव रखते थे।

Related Articles

Back to top button