उत्तराखंडमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

पौड़ी जिले के किमसार में ‘आओ गांव बचाएं’ कार्यक्रम में खेती-किसानी और पलायन की चुनौतियों पर मंथन

यमकेश्वर, 22 नवम्बर, 26. पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित किमसार गांव में अल्टरनेटिव डेवलपमेंट ऑफ हिमालयन रीजन (ADHR) की ओर से ‘आओ गांव बचाएं’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में खेती-किसानी, बागवानी, जलवायु परिवर्तन, जलस्रोतों के संरक्षण, स्थानीय उत्पादों के विपणन, ग्रामीण रोजगार और पलायन जैसे विषयों पर किसानों के साथ चर्चा की गई। साथ ही ग्रामीण आजीविका को मजबूत बनाने और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के पूर्व प्रधान वैज्ञानिक डॉ. केसी भट्ट ने उत्तराखंड की पारंपरिक खेती के महत्व पर प्रकाश डालते हुए किसानों से अपनी परंपरागत कृषि पद्धतियों को संरक्षित करने और आगे बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पारंपरिक खेती पहाड़ की परिस्थितियों और स्थानीय जीवनशैली के अनुकूल है। किसानों को इस दिशा में किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी तो ADHR इसके लिए तैयार है।

चर्चा के दौरान किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान की समस्या प्रमुखता से उठाई। इसके अलावा जलवायु परिवर्तन के कारण खेती के तौर-तरीकों में आ रहे बदलाव और बढ़ती चुनौतियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। महिला किसानों ने भी खेती से जुड़ी समस्याओं, जरूरतों और अपने अनुभव साझा किए।

ADHR के अध्यक्ष एमएस नेगी ने संस्था के उद्देश्यों और अब तक किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। सतीश चमोली ने किमसार गांव आने के उद्देश्य और स्थानीय किसानों के साथ जुड़कर कार्य करने की पहल के बारे में बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता ग्राम प्रधान दीपक बिष्ट ने की, जबकि संचालन संस्था की वरिष्ठ पदाधिकारी सुनीता नौडियाल ने किया। जिला पंचायत सदस्य बचन सिंह बिष्ट ने गांव में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में सुझाव दिए। महिला समूहों के साथ गांव में कार्य कर रहे विवेकानंद कोठारी ने भी अपने कार्यों एवं गतिविधियों की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम के दौरान ADHR की ओर से किसानों को विभिन्न किस्मों के बीज वितरित किए गए। संस्था ने स्थानीय किसानों के उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने, ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका के नए अवसर विकसित करने और किसानों के साथ मिलकर कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

इस अवसर पर ADHR की ओर से महेश नौडियाल, पूरण रावत, महेश खंडूड़ी, सरिता सजवान, मीनाक्षी बडथ्वाल, जीएस पटवाल, स्थानीय संयोजक आरके पोखरियाल, प्रेमा देवी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button