उत्तराखंडदेश-विदेशपर्यटनशिक्षासामाजिक

UK रोडवेज की देहरादून से नेपाल, कटरा और आगरा के लिए नई वोल्वो बस सेवा 1 दिसम्बर

देहरादून, 27 नवम्बर, 26. मां वैष्णो देवी के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं और आगरा-नेपाल की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रोडवेज ने सफर आसान करने की तैयारी की है। एक दिसंबर से देहरादून से नेपाल के महेंद्रनगर, आगरा और जम्मू-कटरा के लिए वोल्वो बस सेवा शुरू की जाएगी।

नेपाल महेंद्रनगर का किराया 850 रुपये और कटरा का 950 रुपये निर्धारित किया गया है। कटरा के लिए बंद पड़ी बस सेवा फिर बहाल होगी, जबकि आगरा के लिए पहली बार रोडवेज वोल्वो चलाएगा। कटरा के लिए रोडवेज की वोल्वो सेवा पहले संचालित होती थी, लेकिन बाद में बंद हो गई।

अब सेवा बहाल करने के साथ किराये में भी राहत दी जा रही है। पूर्व में कटरा वोल्वो का किराया 1357 रुपये था, लेकिन नई दर 950 रुपये होने पर यात्रियों को पुराने किराये के मुकाबले 407 रुपये कम चुकाने होंगे। इससे माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को सीधी बस सेवा के साथ आर्थिक राहत भी मिलेगी। उत्तराखंड परिवहन निगम ने तीनों मार्गों पर दो-दो वोल्वो बसें संचालित करने की तैयारी की है।

निगम के महाप्रबंधक संचालन क्रांति सिंह ने बताया कि मुख्यालय और मंडलीय स्तर पर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जिन अनुबंधित वोल्वो बसों का अनुबंध समाप्त हो गया था, उनका छह माह के लिए विस्तार किया गया है। बसों की समय सारिणी 30 नवंबर तक जारी की जाएगी।

नेपाल तक 850 रुपये में मैत्री सफर
देहरादून से नेपाल के महेंद्रनगर तक 850 रुपये में वोल्वो बस सेवा शुरू होगी। उत्तराखंड परिवहन निगम भारत-नेपाल के बीच सड़क संपर्क मजबूत करने की दिशा में यह सेवा शुरू कर रहा है।

पहले चरण में दून से महेंद्रनगर तक बस चलाई जाएगी। भविष्य में काठमांडू तक बस सेवा विस्तार की भी योजना है। मैत्री बस सेवा से दोनों देशों के यात्रियों को सीधा और सुविधाजनक आवागमन उपलब्ध कराने की तैयारी है।

आगरा के लिए पहली बार वोल्वो
देहरादून से आगरा के लिए अब तक साधारण बसों का संचालन किया जा रहा था। यात्रियों को बेहतर सुविधा देने के लिए अब इस मार्ग पर पहली बार वोल्वो बस चलाई जाएगी। आगरा का किराया 850 रुपये तय किया गया है। इससे लंबी दूरी के यात्रियों को आरामदायक यात्रा का विकल्प मिलेगा।

एक दिसंबर से देहरादून से नेपाल महेंद्रनगर, आगरा और कटरा के लिए वोल्वो सेवा शुरू करने की तैयारी है। मंडलीय स्तर पर किराया निर्धारित कर लिया गया है। इसके अलावा हरिद्वार से नेपालगंज के लिए भी वोल्वो को संचालित किया जाएगा। इससे भारत-नेपाल के बीच मैत्री संबंध और समृद्ध होंगे।
प्रदीप बत्रा, परिवहन मंत्री

Related Articles

Back to top button