
कोटद्वार, 1 फरवरी। सतपुली–पौड़ी हाईवे पर बाइक और पिकअप वाहन की भयानक टक्कर हो गई. इस हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में युवक की मौत की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल फैल गया. उधर, हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की.
जानकारी के मुताबिक, यह हादसा सतपुली–पौड़ी राष्ट्रीय राजमार्ग 534 पर बोसाल क्षेत्र में हुआ, जहां एक तेज रफ्तार बाइक और पिकअप वाहन की आमने-सामने से जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गयी।
हादसे में बाइक सवार की मौत
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी. उपनिरीक्षक (एसआई) रियाज अहमद ने बताया कि मृतक की पहचान बृजेश निवासी पाखरी के रूप में हुई है.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है. पुलिस की मानें तो दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. पिकअप चालक से पूछताछ की जा रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा सकती है. ताकि, हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके.
हादसे में मौत– बृजेश पुत्र ज्योत सिंह (उम्र 26 वर्ष), निवासी- पाखरी, पौड़ी गढ़वाल
पुलिस की आमजन से अपील
पौड़ी पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है. पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का सख्ती से पालन करें. तेज गति से बचें और संयमित रूप से वाहन चलाएं. ताकि, सड़क हादसे में अपनी कीमती जान न गंवाएं. बता दें कि पौड़ी जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस व जिला प्रशासन की ओर से लगातार लोगों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया जा रहा है, लेकिन इसके बावजूद तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं.



