खेलदेश-विदेशबड़ी खबरमनोरंजनयूथ कार्नरशिक्षासामाजिक

भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण IPL के मुकाबले एक हफ्ते के लिए स्थगित

नई दिल्ली, 9 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 तत्काल प्रभाव से एक हफ्ते के लिए स्थगित किया गया है. भारत-पाकिस्तान तनाव के कारण ये फैसला लिया गया है. भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड (BCCI) ने इस बात की आधिकारिक जानकारी दी है. बीसीसीआई ने कहा कि उसने खिलाड़ियों की चिंता, प्रशंसकों की भावनाओं को ध्यान में रखकर ये फैसला लिया है. आईपीएल का अपडेटेड शेड्यूल जल्द ही जारी किया जाएगा.

आधिकारिक बयान में कहा गया है, ‘आईपीएल गवर्निंग काउंसिल ने यह निर्णय सभी प्रमुख हितधारकों के साथ उचित परामर्श के बाद लिया गया, जिसमें अधिकांश फ्रेंचाइजी ने अपने खिलाड़ियों की चिंता और इमोशन्स के साथ-साथ प्रसारक, प्रायोजकों और प्रशंसकों के विचारों को भी व्यक्त किया. बीसीसीआई देश के सशस्त्र बलों की ताकत और तैयारियों में पूर्ण विश्वास रखता है. बोर्ड ने सभी हितधारकों के सामूहिक हित में ऐसा करना उचित समझा.’

बयान में आगे कहा गया, ‘इस महत्वपूर्ण मोड़ पर बीसीसीआई राष्ट्र के साथ मजबूती से खड़ा है. हम भारत सरकार, सशस्त्र बलों और हमारे देश के लोगों के साथ अपनी एकजुटता व्यक्त करते हैं. बोर्ड हमारे सशस्त्र बलों की बहादुरी, साहस और नि:स्वार्थ सेवा को सलाम करता है, जिनके वीर प्रयासों ने देश की सेवा की है.’

पहले भी आईपीएल पर आ चुका संकट
आईपीएल में अभी 12 लीग मैच तथा कोलकाता में होने वाले फाइनल सहित 4 नॉकआउट मैच खेले जाने बाकी थे. लीग का समापन 25 मई को कोलकाता में होना था. आईपीएल पर पहले भी संकट आ चुका है. कोरोना काल में आईपीएल के मुकाबलों को बीच में ही रोकना पड़ा था.

2021 में 29 मुकाबले होने के बाद आईपीएल को वहीं रोक दिया गया था और 2 मई के मुकाबले के बाद अगला चरण 19 सितंबर से संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में खेला गया था. अब बीसीसीआई आईपीएल 2025 के बाकी 16 मैच (12 लीग और चार नॉकआउट) सही समय पर कराने की कोशिश करेगा.

2024 का आईपीएल का शेड्यूल दो हिस्सों में आया था क्योंकि उसी समय लोकसभा चुनाव भी हो रहे थे. पहला हिस्सा 22 मार्च से 7 अप्रैल तक चला, जिसमें 21 मैच हुए. इसके बाद चुनाव की तारीखें तय होने पर बाकी मैचों और प्लेऑफ का शेड्यूल बनाया गया और खेले गए. इससे टूर्नामेंट आसानी से हो सका और किसी तरह की परेशानी नहीं हुई

16 मुकाबले बचे थे शेष
बीसीसीआई अधिकारी ने न्यूज एजेंसी पीटीआई के हवाले से कहा, ‘यह अच्छा नहीं लगता कि जब देश युद्ध में है तब क्रिकेट चल रहा है।’ आईपीएल 2025 का सत्र अपने अंतिम पड़ाव पर चल रहा था और इसमें फाइनल सहित कुल 16 मुकाबले खेले जाने शेष थे। आईपीएल 2025 सत्र का फाइनल मुकाबला 25 मई को कोलकाता में खेला जाना था, लेकिन भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए इसे एक हफ्ते के लिए स्थगित कर दिया गया है। इससे पहले, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने भी पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) को यूएई स्थानांतरित करने का फैसला किया था।

Related Articles

Back to top button