अर्जुन राजपूत के शतक पर फिरा पानी, अंडर-19 एशिया कप के रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को हराया

स्पोर्ट्स डेस्क। एसीसी मेन्स अंडर-19 एशिया कप 2026 में रविवार (8 नवंबर) को भारत का सामना पाकिस्तान से हुआ. अल अमेरात के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ 2) में आयोजित इस मुकाबले में भारतीय टीम को 3 विकेट से हार झेलनी पड़ी. मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को जीत के लिए 209 रनों का टारगेट दिया था, जिसे उसने 48.1 ओवरों में हासिल कर लिया.
पाकिस्तानी टीम की जीत में विकेटकीपर बल्लेबाज हमजा जहूर की अहम भूमिका रही. हमजा ने 108 गेंदों पर नाबाद 100 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और तीन छक्के शामिल रहे. वहीं हसनैन अब्बास डार ने 38 रनों की पारी खेली. हमजा और हसनैन के बीच छठे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी हुई, जिसने गेम पलट दिया. भारत की ओर से मनल चौहान सबसे सफल बॉलर रहे, जिन्हें तीन सफलताएं हासिल हुईं.
भारतीय टीम ने अपने शुरुआती मुकाबले में नेपाल को 10 विकेट से पराजित किया था. उस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर ने तूफानी बैटिंग की थी. आर्यवीर ने 52 बॉल पर नाबाद 70 रन बनाए, जिसमें सात चौके और 4 छक्के शामिल रहे.
अर्जुन राजपूत का तूफानी शतक
मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने 46.3 ओवरों में 208 रन बनाए. भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पहले ही ओवर में उसने कप्तान लक्ष्य रायचंदानी का विकेट गंवा दिया, जो अपना खाता नहीं खोल पाए. लक्ष्य को अली रजा ने बोल्ड किया. अली रजा ने फिर वीके विनीत को भी पवेलियन भेजा, जो सिर्फ 8 रन बना सके. उप-कप्तान यशबर्धन चौहान कुछ खास नहीं कर पाए और 1 रन के निजी स्कोर पर रिजवानुल्लाह का शिकार बने. यशबर्धन के आउट होने के समय भारत का स्कोर 22/3 था.
आर्यवीर सहवाग क्रीज पर सेट हो चुके थे, लेकिन निकाब शफीक की गेंद पर स्वीप शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे. आर्यवीर ने 1 चौके और 1 छक्के की मदद से 40 गेंदों पर 22 रन बनाए. शफीक ने इसके बाद अन्वय द्रविड़ को भी 10 रनों के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया. अन्वय के आउट होने के बाद अर्जुन राजपूत और मनल चौहान के बीच छठे विकेट के लिए 64 रनों की साझेदारी हुई, जिसने भारतीय टीम की वापसी करा दी.
यह भी पढ़ें: कौन हैं अर्जुन राजपूत? जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ शतक जड़कर मचाया तहलका
मनल चौहान (11 रन) तो आउट हो गए, लेकिन अर्जुन राजपूत की शानदार बल्लेबाजी जारी रही और उन्होंने 80 बॉल पर शतक पूरा किया. अर्जुन ने 85 बॉल पर 107 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 5 छक्के शामिल रहे. निचले क्रम में काव्य पटेल ने भी 23 रनों का योगदान दिया, जिसके चलते भारतीय टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंच पाई. पाकिस्तान की ओर से अली रजा, रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक ने तीन विकेट झटके.
भारत और पाकिस्तान की अंडर-19 टीम्स के बीच अब तक 31 मुकाबले खेले गए हैं. इस दौरान भारतीय टीम ने 17 मुकाबले जीते, जबकि पाकिस्तान ने 13 मुकाबलों में जीत हासिल की. जबकि 1 मैच टाई पर छूटा. यानी आंकड़ों में भारतीय टीम पाकिस्तान पर हावी रही है.
भारत का फुल स्क्वॉड: लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, यशबर्धन चौहान (उप-कप्तान), कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), रजत बघेल (विकेटकीपर), वी. यशवीर, आर्यन सावसानी, काव्य पटेल, मोहित उल्वा, शाविन विनोद और ईशान सूद.
पाकिस्तान का फुल स्क्वॉड: फरहान यूसुफ (कप्तान), हमजा जहूर (विकेटकीपर), अहमद हुसैन, अली रजा, अब्दुल सुभान, मोहम्मद हुजैफा, उस्मान खान, हुजैफा अहसान, मोहम्मद सय्याम, निकाब शफीक, रिजवानुल्लाह, हसनैन अब्बास डार, हयाम खान, जहांगीर बिलाल और अब्दुल कादिर.
भारतीय टीम का शेड्यूल
शुक्रवार (06 नवंबर)- बनाम नेपाल, भारत की 10 विकेट से जीत
रविवार (08 नवंबर)- बनाम पाकिस्तान, भारत की 3 विकेट से हार
मंगलवार (10 नवंबर)- बनाम संयुक्त अरब अमीरात, अल अमेरात



