उत्तराखंड लोक सेवा आयोग की लोअर PCS के 54 पदों पर भर्ती के लिए आनलाइन आवेदन शुरू

देहरादून, 7 नवम्बर, 26. उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने प्रदेश में उत्तराखंड सम्मिलित राज्य सिविल (अवर) अधीनस्थ सेवा परीक्षा (लोअर PCS) 2026 का विज्ञापन जारी कर दिया है। नायब तहसीलदार, आबकारी निरीक्षक, पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, कर अधिकारी, गन्ना विकास निरीक्षक के 54 पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं। इसके लिए छह नवंबर से आनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू हो गई है। अभ्यर्थी 26 नवंबर की रात 11:59 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। इसी दिन तक आवेदन शुल्क भी जमा करना होगा।
उत्तराखंड लोक सेवा आयोग के सचिव अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि आवेदन में संशोधन के लिए तीन दिसंबर से 12 दिसंबर तक का समय निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थी आयोग की वेबसाइट psc.uk.gov.in पर जाकर आनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती के लिए अनारक्षित, ईडब्ल्यूएस और ओबीसी अभ्यर्थियों को 166.36 रुपये, एससी, एसटी व दिव्यांग अभ्यर्थियों को 76.36 रुपये शुल्क देना होगा। लोअर पीसीएस की प्रारंभिक परीक्षा प्रदेश में 19 शहरों अल्मोड़ा, रानीखेत, बागेश्वर, चंपावत, हल्द्वानी, पिथौरागढ़, रुद्रपुर, खटीमा, देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, पौड़ी, श्रीनगर, कोटद्वार और रुद्रप्रयाग में होगी।
लोअर PCS प्रारंभिक परीक्षा 150 अंकों की होगी, जिसमें 150 सवाल पूछे जाएंगे। इसके लिए दो घंटे निर्धारित हैं। मुख्य परीक्षा में कुल चार प्रश्नपत्र होंगे। पहला 100 अंकों का भाषा-सामान्य हिंदी का होगा। दूसरा निबंध का होगा, जिसके लिए 100 अंक निर्धारित हैं। तीसरा सामान्य अध्ययन-प्रथम का पेपर होगा, जिसके लिए 200 अंक निर्धारित हैं। चौथा सामान्य अध्ययन-द्वितीय का होगा, जो 200 अंकों का होगा। कुल मिलाकर मुख्य परीक्षा 600 अंकों की होगी। इसके बाद 75 अंकों का इंटरव्यू होगा।
लोअर PCS महत्वपूर्ण तिथियां
ऑनलाइन आवेदन शुरू होने की तिथि : 06 नवंबर
ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि : 26 नवंबर
आवेदन पत्र में संशोधन की तिथि : 03 से 12 दिसंबर
किसके कितने पद
नायब तहसीलदार- 13, आबकारी निरीक्षक- 04, पूर्ति निरीक्षक- 02, विपणन निरीक्षक- 20, श्रम प्रवर्तन अधिकारी- 05, कर अधिकारी- 05, ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक-01, गन्ना विकास निरीक्षक- 04.



