30 लाख दीपों से जगमगाया सरयू नदी का किनारा, 21 भव्य झांकियों और लोकनृत्यों ने मोहा मन, जीवंत हुआ त्रेतायुग video

अयोध्या, 7 नवम्बर, 26. रामपथ पर रामायण साकार हो उठी. ढोल-नगाड़ों की गूंज, लोक कलाकारों की थिरकन और ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष के बीच रथों पर सजी झांकियां आगे बढ़ीं तो ऐसा लगा मानो त्रेतायुग अयोध्या की धरती पर उतर आया हो. कहीं प्रभु श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता के दिव्य स्वरूप दिखाई दिए तो कहीं गदा उठाए बजरंगबली का पराक्रम नजर आया. रामायण के प्रसंगों के सजीव मंचन ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया.
36 वर्ष पहले इसी सरयू नदी का जल राम भक्तों के लहू से रक्तरंजित हुआ था: सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव 2026 को संबोधित करते हुए कहा, “आपने देखा है कि राम की पैड़ी पर आज लाखों दीपक जगमगा रहे हैं. ठीक 36 वर्ष पहले इसी सरयू नदी का जल राम भक्तों के लहू से रक्तरंजित हुआ था. अयोध्या की गलियों को जिन लोगों ने आज से 36 वर्ष पहले रक्तरंजित किया था, जो लोग राम के अस्तित्व पर प्रश्न खड़ा कर रहे थे, जिन्होंने राम मंदिर के निर्माण में बाधाएं खड़ी कीं, वे आज फिर से सिर उठाने का प्रयास कर रहे हैं. वे जानते हैं आज के भारत की ताकत, वे राम भक्तों की ताकत जानते हैं. जो लोग पहले कहते थे कि परिंदा भी पर नहीं मार सकता, जो लोग अयोध्या में जय श्री राम बोलने को प्रतिबंधित करते थे, आज गाहे-बगाहे वे लोग भी राम मंदिर में दर्शन करने का सपना देख रहे हैं. आइए, पहले राम भक्तों से और उन कार्यसेवकों, उन पूज्य संतों से माफी जरूर मांगिये, जिन्होंने अयोध्या को बदनाम किया था, वे अपने कृत्यों के लिए सार्वजनिक माफी मांगें.
#WATCH | अयोध्या | उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपोत्सव 2026 को संबोधित करते हुए कहा, "आपने देखा है कि राम की पैड़ी पर आज लाखों दीपक जगमगा रहे हैं। ठीक 36 वर्ष पहले इसी सरयू नदी का जल राम भक्तों के लहू से रक्तरंजित हुआ था। अयोध्या की गलियों को जिन लोगों ने आज से… pic.twitter.com/DoQRcKuxNf
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 7, 2026
महिला कलाकार कंधों पर ढोल रखकर थाप दे रही थीं. नगाड़ों और ताशों की गूंज के बीच कलाकारों के करतब और विभिन्न राज्यों के लोकनृत्य रामपथ को उत्सव के भव्य मंच में बदल रहे थे. साकेत महाविद्यालय से पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने हरी झंडी दिखाकर शोभायात्रा को रवाना किया. करीब तीन किलोमीटर का सफर तय करने के बाद यात्रा रामकथा पार्क पहुंची.
21 झांकियों में दिखे रामायण के सातों कांड
दसवें दीपोत्सव की शोभायात्रा में इस बार 21 भव्य झांकियां शामिल रहीं. इनमें 14 झांकियां योगी सरकार की उपलब्धियों और सात झांकियां रामायण के सातों कांडों पर आधारित थीं. बालकांड में रामजन्म और बाल लीलाओं से लेकर अयोध्याकांड में वनगमन और अरण्यकांड में वनवास के प्रसंगों को दिखाया गया. वहीं, किष्किंधाकांड में सुग्रीव और हनुमान से मिलन, सुंदरकांड में बजरंगबली का पराक्रम और लंकाकांड में रावण के साथ युद्ध को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया.
उत्तरकांड के प्रसंगों को भी झांकी में जगह मिली. एक के बाद एक गुजरती झांकियां दर्शकों को रामायण की संपूर्ण गाथा का दर्शन करा रही थीं. श्रद्धालु इन दृश्यों को देखकर भावविभोर नजर आए. रामायण के सातों कांडों की झांकियों ने शोभायात्रा को विशेष आकर्षण प्रदान किया.
सरकारी योजनाओं और विकास कार्यों की भी दिखी झलक
शोभायात्रा में प्रदेश सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को भी झांकियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया. इनमें जल जीवन मिशन, एक जिला-एक उत्पाद, कृषि एवं पशुपालन और आयुष्मान कैशलेस योजना की झांकियां शामिल रहीं. इसके अलावा स्वच्छ एवं हरित उत्तर प्रदेश, विकसित भारत, उत्तर प्रदेश पुलिस, मिशन शक्ति और प्रधानमंत्री आवास योजना को भी दर्शाया गया. पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, आत्मनिर्भर नारी, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर की झांकियों के जरिए प्रदेश की विकास यात्रा दिखाई गई.
विभिन्न राज्यों से आए कलाकारों ने लोकनृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों से आयोजन में सांस्कृतिक विविधता के रंग भर दिए. उनकी प्रस्तुतियों ने दर्शकों का ध्यान खींचा और शोभायात्रा के उत्साह को और बढ़ा दिया. रामपथ के दोनों ओर मौजूद लोग झांकियों और कलाकारों की प्रस्तुतियों को अपलक निहारते रहे. हर झांकी के गुजरने के साथ जय श्रीराम के उद्घोष से वातावरण गूंज उठता था.
पर्यटन मंत्री बोले- दीपोत्सव पूरे विश्व का पर्व बन चुका है
शोभायात्रा की भव्यता देखकर पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि दीपोत्सव अलौकिक, दिव्य और भव्य है. शाम को होने वाला दीपोत्सव का कार्यक्रम भी अत्यंत भव्य होगा. उन्होंने कहा कि सनातनियों के लिए इससे बड़ा गौरव का पर्व कोई नहीं हो सकता. हम हर वर्ष पिछले साल का अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हैं और इस बार भी नया कीर्तिमान स्थापित करेंगे.



