उत्तराखंडदेश-विदेशबड़ी खबरशिक्षासामाजिक

हिमालय से लौटे तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ, मक्कूमठ में हुए विराजमान, आज से शुरू होगी शीतकालीन पूजा

रुद्रप्रयाग, 8 नवम्बर, 26. पंचकेदारों में तृतीय केदार के रूप में विश्वविख्यात भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के साथ उनके शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ पहुंची. भगवान तुंगनाथ की डोली के मक्कूमठ आगमन पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा. सैकड़ों श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और तीर्थ पुरोहितों ने इस पावन अवसर के साक्षी बनकर भगवान के दर्शन किए. अब 9 नवंबर से मक्कूमठ में भगवान तुंगनाथ की शीतकालीन पूजा-अर्चना विधिवत शुरू हो जाएगी.

6 नवंबर को बंद हुए थे कपाट
गौर हो कि तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ धाम के कपाट 6 नवंबर को शीतकाल के लिए बंद कर दिए थे. जिसके बाद बाबा तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली ने चोपता में रात्रि प्रवास किया. फिर अगले दिन 7 नवंबर को भनकुंड पहुंची. जहां रविवार यानी 8 नवंबर को ब्रह्मबेला में भनकुंड में विद्वान आचार्यों ने पंचांग पूजन समेत विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कर भगवान तुंगनाथ एवं तैंतीस कोटी देवी-देवताओं का आह्वान किया.

राकसी नदी में कराया गया पवित्र स्नान
इसके बाद सुबह ठीक 10 बजे भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली शीतकालीन गद्दीस्थल मक्कूमठ के लिए रवाना हुई. यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर ग्रामीणों ने पुष्प एवं अक्षत अर्पित कर डोली का भव्य स्वागत किया. राकसी नदी पहुंचने पर भगवान तुंगनाथ की डोली समेत विभिन्न देवी-देवताओं के निशाणों को विधि-विधान से पवित्र स्नान कराया गया.

मक्कूमठ पहुंची डोली, ग्रामीणों ने मांगीं मनौतियां
इसके बाद डोली मक्कूमठ पहुंची, जहां श्रद्धालुओं और ग्रामीणों ने लाल-पीले वस्त्र अर्पित कर मनौतियां मांगीं. भक्तों ने विभिन्न पूजन सामग्रियों से अर्घ्य अर्पित कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की. शीतकालीन गद्दीस्थल पहुंचने पर मठापति मुकेश मैठाणी ने परंपरानुसार दान की रस्म निभाई.

ऐतिहासिक पल के साक्षी बने सैकड़ों लोग
इसके बाद विद्वान आचार्यों ने विशेष पूजा-अर्चना कर भगवान की आरती उतारी. धार्मिक अनुष्ठानों के उपरांत भगवान तुंगनाथ की चल विग्रह उत्सव डोली को विधिवत शीतकालीन गद्दीस्थल के गर्भगृह में विराजमान किया गया. इससे पहले डोली के आगमन पर भक्तों ने पुष्प-अक्षत अर्पित कर क्षेत्र की खुशहाली मांगी. इस दौरान सैकड़ों श्रद्धालु ऐतिहासिक पल के साक्षी बने.

भगवान तुंगनाथ की डोली के कैलाश से मक्कूमठ आगमन को लेकर शीतकालीन गद्दीस्थल को भव्य रूप से सजाया गया है. सोमवार से यहां भगवान की शीतकालीन पूजा विधि-विधान के साथ शुरू होगी. शीतकाल के दौरान श्रद्धालु मक्कूमठ पहुंचकर भगवान तुंगनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना कर सकेंगे.
– प्रकाश पुरोहित, प्रबंधक, मंदिर समिति

वहीं, हिमालय में सर्वाधिक ऊंचाई पर स्थित तृतीय केदार भगवान तुंगनाथ की ग्रीष्मकालीन यात्रा निर्विघ्न संपन्न होने पर बदरी-केदार मंदिर समिति के उपाध्यक्ष विजय कप्रवाण ने तीर्थयात्रियों, तीर्थ पुरोहित समाज, हक-हकूकधारियों एवं आम जनमानस का आभार जताया. बता दें कि इस यात्रा सीजन 2026 में 1 लाख 97 हजार 424 श्रद्धालुओं ने तुंगनाथ धाम के दर्शन किए.

Related Articles

Back to top button