उत्तराखंडबड़ी खबरयूथ कार्नरशिक्षा

ITI श्रीनगर में 10 सितंबर को लगेगा रोजगार मेला, 2000 पदों पर मिलेगा रोजगार का मौका

लगभग 2000 पदों पर रोजगार के अवसर, 18 से 45 वर्ष आयु के अभ्यर्थी कर सकेंगे प्रतिभाग

श्रीनगर/पौड़ी, 5 सितंबर, 26. जनपद के बेरोजगार युवक-युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, लैंसडाउन की ओर से 10 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई), श्रीनगर में लघु रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले में विभिन्न निजी कंपनियों की ओर से योग्य अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। करीब 2000 रिक्त पदों पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

10-15 कंपनियों के आने की संभावना
रोजगार मेले में करीब 10 से 15 कंपनियों के प्रतिभाग करने की संभावना है। इनमें एनटीटीटी, सीआईपीईटी, कैंप-108, एसआईएस इंडिया, आरएसपीएल, क्वेस कॉर्प लिमिटेड, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस और नील मेटल प्रोडक्ट सहित अन्य प्रतिष्ठान शामिल हैं।
अजय सिंह, क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी लैंसडाउन

18 से 45 साल तक के लोग मेले में ले सकते हैं हिस्सा
उन्होंने बताया कि मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, स्नातक, बी.फार्मा, डी.फार्मा, एएनएम और जीएनएम शैक्षिक योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकेंगे। अभ्यर्थियों की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को पद एवं योग्यता के अनुसार करीब 12 हजार से 40 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन दिया जाएगा।

रोजगार के साथ कौशल प्रशिक्षण एवं कैरियर काउंसलिंग की भी मिलेगी जानकारी
रोजगार मेले में कंपनियों में रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ ही युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, कैरियर काउंसलिंग और सेवायोजन विभाग की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इससे युवाओं को रोजगार के साथ कौशल विकास एवं कैरियर निर्माण के लिए मार्गदर्शन मिलेगा।

शैक्षिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, फोटो और बायोडाटा के साथ पहुंचे सेवायोजन कार्यालय
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ने पात्र बेरोजगार युवक-युवतियों से शैक्षिक प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड, बायोडाटा और पासपोर्ट साइज फोटो साथ लेकर रोजगार मेले में पहुंचने की अपील की है। उन्होंने बताया कि मेले की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाने के लिए दूरभाष एवं इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही अन्य नियोजकों से संपर्क कर रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button