
श्रीनगर। उत्तराखंड की पहली धार्मिक फीचर फिल्म ‘जै मां धारी देवी’ आगामी 9 सितम्बर यानि कल से मेडिकल कॉलेज के आडिटोरियम में प्रदर्शित की जायेगी। वीरवार को श्रीनगर में फिल्म के पोस्टर का विमोचन किया गया। वीरवार को जीएमवीएन में फिल्म के निर्माता, निर्देशक और लेखक देबू रावत ने कहा है कि उत्तराखंड फिल्म्स प्रोडक्शन के बैनर तले बनी यह फिल्म देवभूमि कि ‘रक्षक देवी’ मां धारी देवी पर बनाई गयी है। उन्होंने कहा कि फिल्म में मां धारी देवी की सुंदर गाथा के अलावा एक निसंतान दंपति के दुखों की कहानी से लेकर मां धारी देवी के चमत्कार को दिखाया गया है। फिल्म का गीत-संगीत सदाबहार गढ़रत्न नरेंद्र सिंह नेगी का है। https://sarthakpahal.com/
देबू रावत ने बताया 40 साल बाद धार्मिक फिल्म बनाई गयी है। 1996 में उन्होंने जय धारी मां पर फिल्म वीडियो फार्मेंट बनाया था। उत्तराखंड में तेजी से बढ़ रही पाश्चात्य संस्कृति पर यह फिल्म गढ़वाल की बोली, भाषा, संस्कृति के संरक्षण में मददगार साबित होगी। उन्होंने बताया 9 सितंबर से 11 सितंबर तक मेडिकल कालेज श्रीनगर में फिल्म प्रदर्शित की जायेगी। इससे पहले दिल्ली में फिल्म प्रदर्शित की जा चुकी है, जिसे लोगों ने खूब पंसद किया है। उन्होंने बताया कि फिल्म में उत्तराखंड के जाने-माने सितारे राजेश मालगुड़ी, गीता उनियाल, सुमन गौड़, अजय सिंह बिष्ट, गौरव गैरोला मुख्य भूमिका में हैं।
पहली बार धार्मिक फिल्म देखने का मौका
इस दौरान श्रीनगर के स्थानीय लोगों ने कहा उन्हें पहली बार गढ़वाली धामिर्क फ़िल्म देखने का मौका मिल रहा है। ये फ़िल्म पहाड़ों की संस्कृति को पर्दे पर उतारने का काम करेगी। इसके साथ ही नई पीढ़ी भी धारी देवी की कहानी के बारे में जान सकेगी। बता दें ‘जै मां धारी देवी’ फ़िल्म की पूरी शूटिंग धारी देवी मंदिर परिसर में की गई है। इसमें आस पास के गांवों का भी सजीव चित्रण किया गया है। इस फिल्म में आसपास के स्थानीय लोगों ने भी छोटे-छोटे किरदारों को निभाया है।