
देवप्रयाग, 25 फरवरी। टिहरी जिले के देवप्रयाग में एक छात्रा अलकनंदा नदी में डूब गई. जिसकी अब तलाश की जा रही है, लेकिन अभी तक उसका कुछ पता नहीं चल पाया है. फिलहाल, पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू अभियान चल रही है.
बिना किसी को बताए निकल गयी थी घर से
जानकारी के मुताबिक, टिहरी जिले के हिंडोलाखाल पट्टी के एक गांव निवासी 17 साल की लड़की की बुधवार सुबह अपने परिजनों से किसी बात को लेकर बहस हो गई थी. कहासुनी से आहत होकर वो बिना किसी को बताए घर से निकल गई. वो करीब 6 किलोमीटर का पैदल सफर तय कर देवप्रयाग पहुंची. जहां वो संगम के पास बने टोडेश्वर पुल पर खड़ी हो गई.
अलकनंदा में कूदी और हो गयी ओझल
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि पहले तो लड़की पुल पर खड़ी थी. कुछ ही देर में उसे अलकनंदा नदी में डूबते हुए देखा गया, लेकिन दूरी ज्यादा होने के कारण कोई भी समय पर उसे बचाने नहीं पहुंच सका और देखते ही देखते वो नदी की तेज धारा में समा गई. बताया जा रहा है कि वो पानी में हाथ पैर भी मार रही थी, लेकिन वो कुछ ही देर में आंखों से ओझल हो गई.
पुलिस का लड़की तलाश में सर्च ऑपरेशन जारी
इस घटना को देख मौके पर मौजूद लोगों में चीख पुकार मच गई. आनन-फानन में पुलिस को सूचना दी गई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा. जहां लड़की की तलाश के लिए एसडीआरएफ और जल पुलिस को तैनात किया गया है. जो नदी में सर्च अभियान चला रही है. फिलहाल, लड़की का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. पुलिस परिजनों से पूछताछ कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है.
परिजनों ने बताया कि किसी बात को लेकर घर में विवाद होने के बाद वो घर से निकल गई थी. उसकी उम्र 17 साल थी. वो सरकारी स्कूल में 12वीं की छात्रा थी. जो गांव से करीब 6 किलोमीटर दूर पैदल चलकर देवप्रयाग पहुंची थी. फिलहाल, उसकी अलकनंदा में उसकी तलाश की जा रही है.
अमरजीत सिंह रावत, थाना प्रभारी बाह, देवप्रयाग



